
मुंबई: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह के फैंस के लिए एक बेहद ही बुरी खबर सामने आई है। खबरों की माने तो फिल्म ‘पद्मावती’ के क्लाइमैक्स की शूटिंग करते वक्त रणवीर घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि रणवीर फिल्म की शूटिंग कर रहे थे और उनके सिर पर चोट लग गई, शूटिंग में मशगूल रणवीर को चोट लग जाने का पता ही नही चल पाया, जब उनके सिर से खून बहने लगा तो उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें चोट लग गई है। इसके बाद उन्हें जल्दी से मुंबई के लीलावती अस्पताल ले जाया गया। रणवीर अपने काम लेकर काफी डेडीकेटेड हैं, तभी वो ड्रेसिंग करवाकर वापस सेट पर लौट आए, और उन्होंने घायल अवस्था में ही फिल्म की शूटिंग पूरी की।
ये पहली बार नहीं है जब रणवीर को फिल्म की शूटिंग के दौरान चोट आई हो। इससे पहले संजय लीला भंसाली की ही फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' की शूटिंग के दौरान उन्हें चोट आई थी। फिल्म ‘पद्मावती’ में रणवीर के अलावा एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण और एक्टर शाहिद कपूर भी नजर आएंगे। रणवीर इस फिल्म में अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाएंगे। वहीं शाहिद कपूर राजा रत्नसेन और दीपिका पादुकोण रानी पद्मावती के रूप में दिखेंगी। खबर है कि यह फिल्म 17 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Published : 27 May 2017, 10:48 AM IST