
फतेहपुर: फतेहपुर जिले में बुधवार को दिल्ली से प्रयागराज महाकुंभ जा रही श्रद्धालुओं की ट्रैवलर बस की डंपर से टक्कर हो गई। जिसमें चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 13 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार, घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के दूधी कगार मोड़ पर सुबह 5 बजे की है। डंपर चालक के लापरवाही के चलते ट्रैवलर बस पीछे से डंपर में घुस गई। हादसे में बस चालक समेत तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विवेक (26 वर्ष) - बस चालक, दिगंबर झा (70 वर्ष), प्रेमकुमार झा (55 वर्ष), विमल चंद्र (50 वर्ष) के रूप में हुई है।
बस में कुल 21 यात्री सवार थे, जिनमें 13 घायल हुए। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट अस्पताल, कानपुर रेफर किया गया।
जिलाधिकारी रविंद्र सिंह ने जिला अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया और सीएमओ को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानपुर के डॉक्टरों से निरंतर संपर्क में रहने की भी सलाह दी।
थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में घायल विष्णु की शिकायत पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
Published : 13 February 2025, 9:39 AM IST
Topics : Accident Dudhi Kagar Dynamite News Fatehpur Kalyanpur police LatestNews Mahakumbh newstoday newsupdate Prayagraj Mahakumbh