

फरेंदा में हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य शोभा यात्रा के साथ झांकी निकाली गई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
महराजगंज : जनपद के फरेन्दा कस्बे में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर कस्बे के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में हनुमानजी की विशेष पूजा-अर्चना की गई और सुंदरकांड का पाठ किया गया। मुख्य कार्यक्रम मिल गेट स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में हुआ, जहां से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
डायनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार शोभायात्रा ने पूरे फरेन्दा कस्बे का भ्रमण किया। शोभायात्रा में सजीव झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की सजीव झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु राम भजनों की धुन पर नाचते नजर आए। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा ने पूरे कस्बे को राममय कर दिया। इस विशेष अवसर पर दुर्गा मंदिर परिसर स्थित बड़े हनुमान मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था।
यहां भक्तों ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया तथा हनुमानजी की विशेष पूजा-अर्चना की। इसी प्रकार विष्णु मंदिर परिसर में भी सुंदरकांड का आयोजन किया गया। इसके अलावा लेहड़ा मंदिर व अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी भक्तों ने पूरे उत्साह व भक्तिभाव के साथ हनुमान जन्मोत्सव मनाया। कार्यक्रम में सामाजिक व धार्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा शोभायात्रा की व्यवस्था में सहयोग किया।
कार्यक्रम स्थल व मंदिर परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी झालरों व आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया था। इस शुभ अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। इनमें पूर्व अध्यक्ष विनोद गुप्ता, परमात्मा अग्रहरि, ब्रह्मानंद पांडेय, राम शरण, संतोष मद्धेशिया, धीरज लोहिया, उमेश लोहिया, विशाल बागला, ध्रुव वर्मा, पीयूष लोहिया, शुभम विश्वकर्मा, गोलू जायसवाल, संदेश जायसवाल, नवल शराफ व आशीष जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। हनुमान जन्मोत्सव का यह उत्सव न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक था, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी फैलाता हुआ प्रतीत हुआ।