देश में कोविड-19 के 702 नए मामले, छह मरीजों की मौत

देश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 702 नए मामले सामने आए तथा उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़ कर 4,097 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 28 December 2023, 12:40 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली:  देश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 702 नए मामले सामने आए तथा उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़ कर 4,097 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

 डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण से छह लोगों की मौत हुई है।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में कोविड-19 से महाराष्ट्र में दो जबकि कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में एक-एक मरीज की मौत हुई है।

देश में 22 दिसंबर को संक्रमण के 752 नए मामले दर्ज किए गए थे।

ठंड और कोरोना वायरस के नए उपस्वरूप के कारण हाल के दिनों में संक्रमण के मामलों में तेजी आई है। इससे पहले पांच दिसंबर तक दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंक तक पहुंच गई थी।

वर्ष 2020 की शुरुआत से अब तक लगभग चार वर्षों में देश भर में कोरोना वायरस से लगभग साढ़े चार करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए तथा इससे 5.3 लाख से अधिक मौतें हुईं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4.4 करोड़ हो गई है। स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है।

मंत्रालय के अनुसार, देश में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 220.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

 

Published : 
  • 28 December 2023, 12:40 PM IST

Related News

No related posts found.