IND W vs PAK W: आज होगी भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत, जानें कौन किस पर पड़ेगा भारी

महिला वनडे विश्व कप 2025 के छठे मैच में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा। भारत अब तक पाकिस्तान के खिलाफ सभी 11 वनडे मैच जीत चुका है और आज 12वीं जीत के इरादे से मैदान में उतरेगा।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 5 October 2025, 10:28 AM IST

Colombo: महिला वनडे विश्व कप 2025 का छठा मुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आयोजित होगा और भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा। इस मैच को लेकर दोनों टीमों के बीच जबरदस्त उत्साह है, वहीं, भारत का पलड़ा बीते आंकड़ों को देखते हुए भारी नजर आ रहा है।

भारत का पाकिस्तान पर रहा है दबदबा

महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 11 मुकाबले खेले जा चुके हैं, और हैरानी की बात यह है कि पाकिस्तान एक भी मैच नहीं जीत पाया है। भारत ने इन सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की है। इस रिकॉर्ड को देखते हुए, भारत की कोशिश होगी कि वह इस लय को बरकरार रखते हुए 12वीं जीत हासिल करे। दोनों के बीच पहला वनडे मैच 2005 में खेला गया था, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को 193 रनों से हराया था। इसके बाद से ही भारत ने पाकिस्तान पर लगातार जीत हासिल की है।

टीम इंडिया का आत्मविश्वास बुलंद

महिला विश्व कप 2025 में भारत की शुरुआत दमदार रही है। 30 सितंबर को खेले गए अपने पहले मैच में भारत ने श्रीलंका को 59 रनों से हराया था। इस जीत से भारत का आत्मविश्वास और मनोबल दोनों ही ऊंचे हैं। फिलहाल भारत अंक तालिका में चौथे स्थान पर है और उसकी नजरें अब शीर्ष पर पहुंचने पर टिकी हैं। दूसरी ओर, पाकिस्तान अब तक इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत की तलाश में है, जिससे वह दबाव में नजर आ सकता है।

हरमनप्रीत की कप्तानी में मजबूत नजर आ रही टीम

भारतीय महिला टीम की कप्तानी अनुभवी हरमनप्रीत कौर के हाथों में है, जबकि स्मृति मंधाना उप-कप्तान की भूमिका निभा रही हैं। टीम में युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है। जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, और रेणुका सिंह ठाकुर जैसे खिलाड़ी टीम की मजबूती का केंद्र हैं।

नजरें भारत की 12वीं जीत पर

आज के मैच में भारत की नजर सिर्फ जीत पर ही नहीं, बल्कि अपनी अपराजित लय को कायम रखने पर भी होगी। वहीं पाकिस्तान इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ने के इरादे से मैदान में उतरेगा। मुकाबला बेहद रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।

टीम इंडिया की स्क्वॉड

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतीका रावल, दीप्ति शर्मा, हरलीन देओल, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष, रेणुका सिंह ठाकुर, स्नेह राणा, उमा छेत्री, राधा यादव, अमनजोत कौर, श्रीचरणी, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौर।

Location : 
  • Colombo

Published : 
  • 5 October 2025, 10:28 AM IST