18 साल बाद फिर गरमाया स्लैपगेट विवाद, श्रीसंत ने हरभजन को खुलेआम ललकारा; क्रिकेट जगत में मचा हंगामा

आईपीएल 2008 के मशहूर स्लैपगेट विवाद ने एक बार फिर सुर्खियां पकड़ ली हैं। पूर्व क्रिकेटर श्रीसंत ने हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में मुकाबले की खुली चुनौती दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 June 2026, 3:47 PM IST

New Delhi: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे विवादित किस्सों में शामिल आईपीएल 2008 का 'स्लैपगेट' मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। करीब 18 साल पुराने इस विवाद को लेकर पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंत ने पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह को खुली चुनौती दे दी है। श्रीसंत ने कहा है कि अगर हरभजन में हिम्मत है तो वह बॉक्सिंग रिंग में आकर आमने-सामने मुकाबला करें। उनके इस बयान के बाद क्रिकेट फैंस के बीच एक बार फिर पुरानी घटना की चर्चा शुरू हो गई है।

2008 में मैदान पर हुआ था विवाद

यह मामला आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 का है। मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के बीच मुकाबले के बाद हरभजन सिंह ने मैदान पर श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। इस घटना के बाद श्रीसंत रोते हुए कैमरे के सामने नजर आए थे और मामला पूरे क्रिकेट जगत में सुर्खियों में आ गया था। आईपीएल इतिहास में यह घटना सबसे बड़े विवादों में गिनी जाती है।

बांग्लादेश क्रिकेट में भूचाल, पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने संभाली BCB की कमान, किया ये बड़ा ऐलान

समय के साथ सुधरे थे रिश्ते

इस विवाद के बाद दोनों खिलाड़ियों के रिश्ते लंबे समय तक खराब रहे। हालांकि बाद के वर्षों में दोनों कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और विज्ञापनों में साथ दिखाई दिए। हरभजन सिंह ने भी कई मौकों पर इस घटना को लेकर अफसोस जताया था। ऐसा लग रहा था कि दोनों के बीच पुरानी बात खत्म हो चुकी है। लेकिन हाल ही में एक विज्ञापन ने एक बार फिर पुराने विवाद को हवा दे दी।

विज्ञापन को लेकर नाराज हुए श्रीसंत

श्रीसंत का आरोप है कि हरभजन ने पुराने विवाद को मजाक के तौर पर इस्तेमाल किया और उससे फायदा उठाया। इसी वजह से उन्होंने हरभजन से दूरी बना ली और उन्हें सोशल मीडिया पर ब्लॉक करने की बात भी कही। उनका कहना है कि अगर उस घटना को लेकर बात करनी है तो फिर सिर्फ मजाक या विज्ञापन तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

इंटरव्यू में दी खुली चुनौती

एक इंटरव्यू के दौरान जब श्रीसंत को हरभजन के साथ बॉक्सिंग ग्लव्स पहने उनकी पुरानी तस्वीर दिखाई गई तो उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया दी। श्रीसंत ने कहा कि अगर हरभजन के अंदर हिम्मत है तो वह उनके साथ रिंग में उतरें। उन्होंने कहा, "क्या आपके पास हिम्मत है? क्या आप मेरे साथ रिंग में उतर सकते हैं? मैं खुली चुनौती दे रहा हूं। यही ग्लव्स पहनकर आइए और मुकाबला कीजिए।" श्रीसंत ने यह भी बताया कि वह अब कॉम्बैट स्पोर्ट्स से जुड़े हुए हैं और बेयर नकल फाइट लीग में सक्रिय हैं।

शादी से पहले ही पिता बन गए ये क्रिकेटर्स, लव स्टोरीज़ ने क्यों मचा दी थी दुनिया में हलचल?

बोले- विज्ञापन नहीं, असली मुकाबला होना चाहिए

श्रीसंत ने आगे कहा कि अगर पुराने विवाद को लेकर इतनी ही चर्चा हो रही है तो फैसला असली मुकाबले में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई उस घटना से जुड़ी चीजों से कमाई कर रहा है तो उन्हें भी मौका मिलना चाहिए। श्रीसंत ने हरभजन को रिंग में आने की चुनौती देते हुए कहा कि मुकाबला आमने-सामने होना चाहिए।

हरभजन की ओर से नहीं आया जवाब

श्रीसंत के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि अभी तक हरभजन सिंह की ओर से इस चुनौती पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। फैंस अब इंतजार कर रहे हैं कि क्या हरभजन इस बयान का जवाब देंगे या फिर यह मामला सिर्फ बयानबाजी तक ही सीमित रहेगा। फिलहाल इतना जरूर है कि 18 साल पुराना स्लैपगेट विवाद एक बार फिर क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन चुका है।

Location :  New Delhi

Published :  19 June 2026, 3:47 PM IST