तिरंगे के प्रति तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का सम्मान, फैंस ने की जमकर तारीफ

मोहम्मद सिराज तिरंगे के प्रति अपने सम्मान के लिए एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। सिराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह तिरंगे को जमीन पर गिरने से पहले उठा ले रहे हैं। यह नजारा देख फैंस हुए खुश पूरी खबर पढ़े......

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 November 2026, 12:57 PM IST

New Delhi:  भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज तिरंगे के प्रति अपने सम्मान के लिए एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। सिराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह तिरंगे को जमीन पर गिरने से पहले उठा ले रहे हैं। मैदान में भारत के सभी खिलाड़ी मौजूद थे, लेकिन सबसे पहले सिराज के दिमाग में ही यह बात आई कि तिरंगे का अपमान हो सकता है। ऐसे में वह आगे बढ़े और तिरंग को उठा लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है।

सिराज ने उठाया तिरंगा

घटना भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के पांचवें मैच में घटी। भारतीय टीम की फील्डिंग के दौरान एक व्यक्ति मैदान पर तिरंगा लेकर आ गया था। सिक्योरिटी गार्ड्स ने उसे पकड़ा तो वह जमीन पर गिर गया। इसके साथ ही तिरंगा भी उसके हाथ से छूटने लगा। सिराज ने यह देखा तो वहां पहुंचे और तिरंगा उठा लिया। इसके बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी ने तिरंगे को सम्मान के साथ मैदान के बाहर पहुंचाया।

तारीफ बटोर रहे सिराज

सिराज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हर जगह उनकी तारीफ हो रही है। एक यूजर ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'बस इसी वजह से मोहम्मद सिराज की दुनिया फैन है, जब मैदान पर सब तमाशा देख रहे थे तब सिराज आगे बढ़े और तिरंगे को जमीन पर नहीं लगने दिया।' कई फैंस ने इस पर कमेंट किया कि डीएसपी सिराज इसीलिए खास हैं। सिराज को डीएसपी की मानद पोस्ट मिली हुई है। इस वजह से फैंस उन्हें डीएसपी सिराज कहते हैं।

2021 में साथी खिलाड़ियों ने दिया था तिरंगा

साल 2021 में सिराज ने भारतीय तेज गेंदबाजी की अगुआई करते हुए टीम इंडिया को यादगार जीत दिलाई थी। इसके बाद साथी खिलाड़ियों ने उन्हें तिरंगा सौंपा था। उन्होंने तिरंगे का साथ विक्ट्री परेड की थी। इसी साल राष्ट्रगान के दौरान एक मैच में उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। 2024 टी20 विश्व कप जीतने के बाद भी वह तिरंगा लेकर फैंस से मिले थे।

पांचवें वनडे में खेले सिराज

मोहम्मद सिराज को इस सीरीज के पांचवें वनडे में खेलने का मौका मिला। वह लंबे समय से बेंच पर थे। इस मैच में उन्होंने दो विकेट लेकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई और टीम इंडिया की जीत में अहम योगदान दिया। अब टेस्ट सीरीज में उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

Location :  New Delhi

Published :  16 November 2026, 12:57 PM IST