
ध्रुव जुरेल (Image Source: Google)
New Delhi: गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 201 रन बनाए।
हालांकि RCB की शुरुआत खराब रही और टीम ने 125 रन तक अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार 63 रन की पारी खेली, जबकि इम्पैक्ट प्लेयर वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 29 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया।
राजस्थान की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और ब्रजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि संदीप शर्मा और रवींद्र जडेजा ने 1-1 सफलता हासिल की।
201 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने 21 रन पर यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर मैच का पूरा रुख बदल दिया।
वैभव ने सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन ठोकते हुए RCB के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनकी इस पारी में कई चौके-छक्के शामिल रहे, जिससे राजस्थान ने पावरप्ले में ही मैच पर पकड़ बना ली।
वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। जुरेल ने 43 गेंदों में नाबाद 81 रन बनाते हुए टीम को 18 ओवर में ही जीत दिला दी। उनकी पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने भी 25 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया। राजस्थान रॉयल्स ने इस मुकाबले को 6 विकेट से जीतकर आईपीएल 2026 में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ राजस्थान की टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है और खिताब की प्रबल दावेदार बनती दिख रही है। वहीं RCB को इस मैच में अपनी गेंदबाजी और शुरुआती बल्लेबाजी पर जरूर काम करना होगा।
Location : New Delhi
Published : 11 April 2026, 12:58 AM IST