
ईशान किशन को दिखाया बाहर का रास्ता (source:google)
New Delhi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांच से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खेमे से एक ऐसी खबर आई है जिसने फैंस को चौंका दिया है। शनिवार को खेले गए एक इंटरनल प्रैक्टिस मैच के दौरान टीम के अंतरिम कप्तान ईशान किशन और युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या हैदराबाद की टीम में सब कुछ ठीक है?
मैच की दूसरी पारी में ईशान किशन जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे थे। पारी के आठवें ओवर में उन्होंने लेग स्पिनर जीशान अंसारी को निशाने पर लिया और शुरुआती चार गेंदों पर दो गगनचुंबी छक्के और दो चौके जड़ दिए। हालांकि, अगली ही गेंद पर जीशान ने शानदार वापसी की और ईशान को चकमा दे दिया। ईशान का शॉट सीधा डीप स्क्वायर लेग पर खड़े फील्डर के हाथों में जा गिरा।
विकेट लेने के बाद जीशान अंसारी काफी गुस्से में नजर आए और उन्होंने कप्तान ईशान किशन को उंगली से पवेलियन जाने का इशारा किया। हालांकि, अनुभवी ईशान ने इस व्यवहार पर कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी और मुस्कुराते हुए डगआउट की ओर लौट गए।
सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस फिलहाल अपनी फिटनेस से जूझ रहे हैं। कमर के निचले हिस्से में खिंचाव (Lower Back Strain) के कारण वह टी20 विश्व कप 2026 और एशेज सीरीज के कई मैचों से बाहर रहे थे। उनकी अनुपस्थिति में फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों के लिए ईशान किशन को अंतरिम कप्तान और अभिषेक शर्मा को उप-कप्तान नियुक्त किया है।
फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान में कहा, "पैट कमिंस अभी रिकवरी फेज में हैं और शुरुआती कुछ मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनके लौटने तक ईशान टीम की कमान संभालेंगे।"
ईशान किशन इस समय अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। हाल ही में संपन्न हुए टी20 विश्व कप 2026 में उन्होंने भारत की खिताबी जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने टूर्नामेंट के 9 मैचों में 199.37 के स्ट्राइक रेट और 80.25 की औसत से 317 रन बनाए थे। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत वह आईसीसी टी20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा, उनकी कप्तानी में झारखंड ने हाल ही में पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा है।
T20 वर्ल्ड कप जीतने पर Team India को 131 करोड़ रुपये का इनाम, BCCI का बड़ा ऐलान
मैदान पर खिलाड़ियों के बीच इस तरह की नोकझोंक अक्सर खेल का हिस्सा मानी जाती है, लेकिन कप्तानी में बदलाव और सीनियर खिलाड़ी के प्रति युवा गेंदबाज का ऐसा बर्ताव टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय हो सकता है। अब देखना होगा कि कोच और मैनेजमेंट टूर्नामेंट शुरू होने से पहले टीम के माहौल को कैसे संभालते हैं।
Location : New Delhi
Published : 22 March 2026, 3:35 PM IST