हिंदी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Image Source: Google)
New Delhi: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आज दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मुकाबले में एक बड़ा इतिहास रचने जा रही है। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में उतरते ही आरसीबी आईपीएल इतिहास की पहली ऐसी टीम बन जाएगी, जो अपने घरेलू मैदान पर 100 मैच खेलने का आंकड़ा छू लेगी।
यह मुकाबला दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू होगा और खास बात यह है कि यही दिन आईपीएल के 19 साल पूरे होने का भी है, जिससे इस रिकॉर्ड की अहमियत और बढ़ जाती है। टीम इस मौके को जीत के साथ सेलिब्रेट करना चाहेगी।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का पहला मुकाबला भी 18 अप्रैल 2008 को इसी मैदान पर खेला गया था। उस ऐतिहासिक मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के ब्रेंडन मैकुलम ने 158 रन की विस्फोटक पारी खेलकर इतिहास रच दिया था।
उस मुकाबले में राहुल द्रविड़, जैक्स कैलिस और युवा विराट कोहली से सजी आरसीबी टीम महज 82 रन पर सिमट गई थी, जो आज भी इस मैदान पर उसका सबसे कम स्कोर है। इसके अलावा 2013 में क्रिस गेल ने 175 रन बनाकर टी20 इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी यहीं बनाया था।
इस ऐतिहासिक मुकाबले को और खास बनाने के लिए आरसीबी की टीम ग्रीन जर्सी में मैदान पर उतर सकती है। यह उनका 'ग्रीन इनिशिएटिव' है, जिसके जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाता है।अगर आंकड़ों की बात करें तो चिन्नास्वामी में आरसीबी का प्रदर्शन संतुलित रहा है टीम ने यहां 48 मैच जीते हैं, जबकि 46 में हार का सामना किया है और एक मैच टाई रहा है।
होम ग्राउंड पर सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में आरसीबी ने कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस को पीछे छोड़ दिया है। इस सीजन टीम शानदार फॉर्म में है और पांच में से चार मुकाबले जीतकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज है। ऐसे में आरसीबी इस ऐतिहासिक मैच को जीत के साथ खत्म कर इसे और यादगार बनाना चाहेगी।
Location : New Delhi
Published : 18 April 2026, 2:48 PM IST