
इकाना में आज रनों की बारिश की उम्मीद (Source: Pinterest)
Lucknow: एशियाई खेलों की स्वर्ण विजेता भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला खेलेगी। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया की नजर जीत के साथ सीरीज का आगाज करने पर होगी। मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी है। अब नजर इस बात पर है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं।
दोनों टीमों में आक्रामक बल्लेबाज और पावर हिटर मौजूद हैं। ऐसे में इकाना की पिच पर बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है। भारतीय टीम की बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा पर खास नजर रहेगी। वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर से भी बल्ले से अहम योगदान की उम्मीद होगी।
वेस्टइंडीज की टीम भी अपने आक्रामक अंदाज के लिए जानी जाती है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।
मुकाबले से पहले भारतीय खिलाड़ियों ने इकाना स्टेडियम में अभ्यास किया। इस दौरान वैभव सूर्यवंशी और नितीश रेड्डी अलग-अलग नेट्स पर बल्लेबाजी करते नजर आए। दोनों ने स्थानीय गेंदबाजों के खिलाफ लंबे शॉट लगाए।
करीब आधे घंटे तक चले अभ्यास सत्र में वैभव सूर्यवंशी ने अपने लंबे-लंबे छक्कों से सभी का ध्यान खींचा। उनकी बल्लेबाजी ने टीम प्रबंधन के सामने भी प्लेइंग इलेवन को लेकर एक दिलचस्प विकल्प खड़ा कर दिया है।
अभ्यास सत्र के दौरान भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर की नजर खिलाड़ियों पर बनी रही। खास तौर पर उन्होंने वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी को ध्यान से देखा।
अभ्यास के दौरान वैभव के प्रदर्शन को देखकर ऐसी संभावना जताई जा रही है कि उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है। अगर ऐसा होता है तो विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की जगह वैभव को बल्लेबाजी का मौका मिल सकता है और ईशान किशन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
हालांकि, अंतिम फैसला टीम प्रबंधन ही करेगा और आधिकारिक प्लेइंग इलेवन मुकाबले से पहले ही स्पष्ट होगी।
वैभव और नितीश के अलावा तेज गेंदबाज मयंक यादव और प्रिंस यादव ने भी नेट्स पर लंबे समय तक गेंदबाजी की। अभ्यास के दौरान टीम के कोचिंग स्टाफ ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखी।
टीम इंडिया के कई खिलाड़ी देर रात तक लखनऊ पहुंचते रहे। ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर समेत कुछ खिलाड़ियों के सीधे मुकाबले में उतरने की उम्मीद है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इकाना में वैभव सूर्यवंशी के छक्कों की झलक मैच में भी देखने को मिलेगी या टीम प्रबंधन उन्हें बाहर बैठाने का फैसला करेगा।
Location : Lucknow
Published : 6 October 2026, 8:55 AM IST