दूसरे टी20 में बड़ा बदलाव: वैभव बाहर, प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई को आकाश चोपड़ा की टीम में मिली एंट्री

आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 से पहले आकाश चोपड़ा ने भारत की संभावित प्लेइंग 11 चुनी है। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को बाहर रखा और प्रिंस यादव व रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया। पहले टी20 में हार के बाद टीम में दो बड़े बदलाव सुझाए गए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 June 2026, 10:57 AM IST

New Delhi: भारत और आयरलैंड के बीच चल रही टी20 सीरीज अब दूसरे मुकाबले के मोड़ पर पहुंच चुकी है। पहला मैच हारने के बाद भारतीय टीम पर सीरीज में वापसी का दबाव बढ़ गया है। पहले टी20 में टीम इंडिया का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। बल्लेबाजी क्रम में कई प्रमुख खिलाड़ी फ्लॉप साबित हुए थे, जबकि गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा काफी महंगे साबित हुए थे। इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर का प्रदर्शन भी प्रभावी नहीं रहा और वे मैच में असर नहीं छोड़ सके।

अब दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया के पास सीरीज को बराबर करने का सुनहरा मौका है। इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने अपनी संभावित प्लेइंग 11 का चयन किया है, जिसमें उन्होंने कुछ अहम बदलाव किए हैं।

वैभव सूर्यवंशी को नहीं मिली जगह

आकाश चोपड़ा ने अपनी चुनी हुई प्लेइंग इलेवन में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं दी है। उन्होंने साफ कहा कि टीम के शीर्ष क्रम में किसी तरह का बदलाव करने की जरूरत नहीं है और मौजूदा बल्लेबाजों पर ही भरोसा बनाए रखना चाहिए। वैभव को इस मैच में मौका न देने का फैसला चर्चा का विषय बना हुआ है।

T20 Cricket Match: करो या मरो के मुकाबले में ऋषभ पंत को फॉर्म में लौटना जरूरी, जानिये मुकाबले की खा बातें

गेंदबाजी में दो बड़े बदलाव की वकालत

आकाश चोपड़ा ने गेंदबाजी विभाग में दो महत्वपूर्ण बदलाव सुझाए हैं। उन्होंने प्रसिद्ध कृष्णा की जगह प्रिंस यादव को टीम में शामिल करने की बात कही है। आकाश का मानना है कि प्रसिद्ध कृष्णा आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए अच्छा प्रदर्शन करते हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय टी20 में वे उस स्तर का प्रदर्शन नहीं कर पाते जिसकी टीम को जरूरत है।

इसके अलावा उन्होंने वाशिंगटन सुंदर को भी प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने की सिफारिश की है। उनकी जगह आकाश चोपड़ा ने लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को टीम में शामिल करने की बात कही है, जिससे टीम की गेंदबाजी में विविधता और आक्रामकता दोनों बढ़ सकती हैं।

संतुलित टीम संयोजन पर जोर

आकाश चोपड़ा ने अपनी टीम चयन में संतुलन पर खास ध्यान दिया है। उन्होंने तीन तेज गेंदबाजों के रूप में हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को शामिल किया है। वहीं स्पिन विभाग की जिम्मेदारी रवि बिश्नोई को दी गई है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि इस संयोजन के साथ भी टीम के पास निचले क्रम तक बल्लेबाजी मौजूद है, जिससे टीम का संतुलन बना रहता है।

आकाश चोपड़ा की संभावित प्लेइंग 11

दूसरे टी20 मैच के लिए आकाश चोपड़ा द्वारा चुनी गई संभावित भारत की प्लेइंग 11 इस प्रकार है-

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, इशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।

T20 World Cup 2026 Final: ट्रॉफी के साथ करोड़ों की बारिश! जानिए जीतने पर टीम इंडिया को कितनी मिलेगी प्राइज मनी?

दूसरे टी20 में वापसी की उम्मीद

भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि टीम सीरीज में पिछड़ चुकी है। पहले मैच की गलतियों से सीख लेते हुए टीम इंडिया दूसरे टी20 में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी। वहीं आकाश चोपड़ा द्वारा सुझाए गए बदलाव चर्चा में हैं और देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट किसी तरह के बदलाव के साथ मैदान पर उतरता है या नहीं।

Location :  New Delhi

Published :  28 June 2026, 10:57 AM IST