
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा
New Delhi: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के हाथों में होगी। इस सीरीज के लिए स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को भी टीम में शामिल किया गया है, हालांकि उनका खेलना फिटनेस टेस्ट की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। वहीं ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के कारण टीम से बाहर हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई को एजबेस्टन में खेला जाएगा। दूसरा मैच 16 जुलाई को होगा, जबकि तीसरा और अंतिम मुकाबला 19 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 1 जुलाई से पांच मैचों की T-20 सीरीज भी खेली जाएगी, जिसके लिए भारतीय टीम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।
विराट कोहली को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया है, लेकिन बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि उनका अंतिम चयन फिटनेस टेस्ट के परिणाम पर निर्भर करेगा। कोहली 22 जून को BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट देंगे। कोहली को आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इसी वजह से वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाए थे। फिलहाल वह लंदन में रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम के तहत फिटनेस हासिल करने में जुटे हैं।
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। वह हाल ही में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग कर रहे थे, लेकिन मेडिकल टीम ने उन्हें अभी वनडे क्रिकेट के लिए पूरी तरह फिट नहीं माना है। हार्दिक अफगानिस्तान सीरीज से भी बाहर रहे थे और अब इंग्लैंड दौरे में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनकी जगह एक बार फिर नीतीश रेड्डी को मौका दिया गया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार शतक लगाने वाले यशस्वी जायसवाल को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। यशस्वी को अफगानिस्तान सीरीज में विराट कोहली की चोट के बाद मौका मिला था, लेकिन इंग्लैंड दौरे के लिए चयनकर्ताओं ने उन्हें शामिल नहीं किया। वहीं टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वनडे टीम में वापसी हुई है। बुमराह के आने से युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को टीम से बाहर होना पड़ा।
अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को लगातार दूसरी वनडे सीरीज में नजरअंदाज किया गया है। अफगानिस्तान सीरीज के बाद अब इंग्लैंड दौरे के लिए भी उनका चयन नहीं हुआ।स्पिन विभाग में अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर और नीतीश रेड्डी को शामिल किया गया है। विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल और ईशान किशन को मौका मिला है।
BCCI ने आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T-20 सीरीज के लिए भी टीम में एक बदलाव किया है। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती अभी रिहैब के अंतिम चरण में हैं और पूरी तरह फिट नहीं हैं। उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया गया है। यह बदलाव टीम प्रबंधन द्वारा खिलाड़ियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार।
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा।
Location : New Delhi
Published : 21 June 2026, 3:10 PM IST