
यशस्वी-असिथा की लड़ाई (Source: IANS)
Colombo: भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैदान पर क्रिकेट से ज्यादा चर्चा यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच हुई तीखी भिड़ंत की रही। यशस्वी को आउट करने के बाद फर्नांडो के सेंड-ऑफ से शुरू हुआ विवाद कुछ ही पलों में इतना बढ़ गया कि दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए। इस घटना पर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर अजय जडेजा ने यशस्वी को लेकर कड़ी टिप्पणी की।
भारत की पारी के 17वें ओवर में असिथा फर्नांडो गेंदबाजी कर रहे थे। यशस्वी ने ओवर में लगातार तीन चौके लगाए, लेकिन आखिरी गेंद पर फर्नांडो ने उन्हें आउट कर दिया। विकेट लेने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाज ने यशस्वी को सेंड-ऑफ दिया।
इससे भारतीय बल्लेबाज नाराज नजर आए और पवेलियन की ओर लौटते-लौटते वापस मुड़कर फर्नांडो से बहस करने लगे। दोनों खिलाड़ी कुछ देर तक एक-दूसरे के आमने-सामने रहे और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। टीम के अन्य खिलाड़ियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।
इस घटना पर अजय जडेजा ने यशस्वी के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैदान पर मजाक, स्लेजिंग और नोकझोंक खेल का हिस्सा हो सकती है, लेकिन इसकी एक सीमा होनी चाहिए।
जडेजा ने कहा कि अगर कोई खिलाड़ी खुद पर कही गई बात को स्वीकार नहीं कर सकता, तो उसे ऐसी बातें दूसरों से भी नहीं कहनी चाहिए। उन्होंने शारीरिक संपर्क को ज्यादा गंभीर बताते हुए कहा कि मैदान पर आक्रामकता को इस हद तक नहीं पहुंचना चाहिए।
भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी माना कि यशस्वी को फर्नांडो के इतने करीब नहीं जाना चाहिए था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मैच के तनावपूर्ण माहौल में खिलाड़ियों के बीच भावनाएं अचानक भड़क सकती हैं। कोटक के मुताबिक, ऐसी परिस्थितियां कभी-कभी खेल की गर्मी में पैदा हो जाती हैं।
IND vs SL: चोट का जवाब छ्क्के से, कल जैसी Bouncer पर पंत ने आज ऐसे सिखाया लाहिरू को सबक
विवाद के बाद यशस्वी जायसवाल ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर लोग नहीं जानते कि फर्नांडो ने क्या कहा, तो उन्हें तुरंत फैसला नहीं करना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि किसी खिलाड़ी द्वारा सीमा पार करने पर टीम जवाब देना जानती है।
घटना में शारीरिक संपर्क होने के कारण मामले पर आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना भी बनी हुई है। मैच रेफरी घटना की समीक्षा कर सकते हैं। इस विवाद ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आक्रामकता और खेल भावना के बीच सीमा आखिर कहां होनी चाहिए।
Location : New Delhi
Published : 24 August 2026, 2:55 PM IST
Topics : Cricket News IND vs SL Yashasvi Jaiswal