IND A vs SL A: वैभव सूर्यवंशी का तूफानी शो, 11 गेंदों में अर्धशतक जड़ रचा इतिहास

भारत ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ फाइनल में 11 गेंदों में अर्धशतक लगाकर लिस्ट ए क्रिकेट का नया रिकॉर्ड बनाया। 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। पढ़े पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 June 2026, 2:17 PM IST

New Delhi: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट ए क्रिकेट का नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी तूफानी पारी ने भारत ए को शानदार शुरुआत दिलाई।

टूटा 20 साल पुराना रिकॉर्ड

श्रीलंका ए ने फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने उनके फैसले को गलत साबित कर दिया। वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और गेंदबाजों पर लगातार हमला बोला। वैभव ने केवल 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 12 गेंदों में अर्धशतक लगाने वाले के वीररत्न के नाम दर्ज था। वैभव की बल्लेबाजी के सामने श्रीलंका ए के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।

लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक (गेंदों के अनुसार)

खिलाड़ी गेंदें मैच वर्ष
वैभव सूर्यवंशी 11 भारत ए बनाम श्रीलंका ए 2026
के वीररत्न 12 रागमा क्रिकेट क्लब बनाम कुरुनेगला यूथ 2005/06
एनएलटीसी परेरा 13 श्रीलंका आर्मी बनाम ब्लूफील्ड 2020/21
आरके क्लेनवेल्ट 14 वेस्टर्न प्रोविंस बनाम क्वाजुलुनेटल 2010/11
एजे होलिओके 15 सरे बनाम यॉर्कशायर 1994
सलमान बट 15 नेशनल बैंक ऑफ पाकिस्तान बनाम लाहौर ईगल्स 2008/09

वैभव सूर्यवंशी का 11 गेंदों में अर्धशतक (Img: X)

शतक से चूके, लेकिन दिल जीत गए

रिकॉर्ड अर्धशतक के बाद वैभव शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे थे, लेकिन साहन आराचिघे की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनकी इस धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ए को मजबूत शुरुआत मिली। वैभव और प्रियांश आर्या ने पहले विकेट के लिए मात्र 53 गेंदों में 132 रन जोड़कर मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।

अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए मजबूत हुआ दावा

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पहले ही अपनी प्रतिभा से चयनकर्ताओं का ध्यान खींच चुके हैं। उन्हें आयरलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। फाइनल में खेली गई यह पारी उनके अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के दावे को और मजबूत करती है। यदि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं।

वैभव सूर्यवंशी (Img: X)

आईपीएल के बाद फिर दिखा वही आक्रामक अंदाज

वैभव ने आईपीएल 2026 में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और 237.31 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचा था। हालांकि श्रीलंका दौरे के शुरुआती मुकाबलों में वह बड़ी पारी नहीं खेल सके थे, लेकिन फाइनल में उन्होंने अपनी पुरानी लय हासिल करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया। उनकी इस पारी ने न केवल भारत ए को मजबूत स्थिति में पहुंचाया बल्कि यह भी साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक और बड़ा सितारा मिल चुका है।

Location :  New Delhi

Published :  21 June 2026, 2:17 PM IST