IND A vs SL A Final: वैभव सूर्यवंशी और गेंदबाजों ने श्रीलंका ए का निकाला दम, जानें इंडिया ए ने कैसे जीती ट्राई-सीरीज

वैभव सूर्यवंशी की 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत इंडिया ए ने श्रीलंका ए को 66 रन से हराकर ट्राई-सीरीज का खिताब जीत लिया। फाइनल में भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। पढ़िए पूरी खबर

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 21 June 2026, 9:13 PM IST
google-preferred

New Delhi: भारत ए ने ट्राई-सीरीज के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ए को 66 रन से हराकर शानदार अंदाज में खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए। उनकी तूफानी पारी की बदौलत भारत ने विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर जीत सुनिश्चित कर दी।

वैभव ने मचाई तबाही

फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। वैभव सूर्यवंशी और प्नियांश आर्य ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 53 गेंदों में 132 रन जोड़कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। वैभव ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और केवल 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने 29 गेंदों पर 94 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिली। प्नियांश प्नियांश आर्य ने 39 रन कूटे।

377 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया

ओपनिंग जोड़ी से मिली धमाकेदार शुरुआत का फायदा उठाते हुए भारत ए ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 377 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारतीय बल्लेबाजों ने पूरे मैच में श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और फाइनल में मजबूत स्थिति हासिल की।

378 रन के लक्ष्य के आगे बिखरी श्रीलंका ए

378 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटकते हुए मेजबान टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। श्रीलंका ए की पूरी टीम 311 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 66 रन से जीतकर ट्राई-सीरीज की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

गेंदबाजों ने भी निभाई जीत में अहम भूमिका

भारतीय गेंदबाजों ने भी फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। यश ठाकुर और विपराज निगम ने तीन-तीन विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं अनुकूल रॉय ने दो विकेट हासिल किए। अशोक शर्मा और तिलक वर्मा को भी एक-एक सफलता मिली।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार दिखे वैभव

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी लगातार अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं और क्रिकेट विशेषज्ञों को प्रभावित कर रहे हैं। फाइनल में खेली गई उनकी यह पारी साबित करती है कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल सकता है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए टीम में चयन के बाद उन्होंने अपने दावे को और मजबूत कर दिया है।

Location :  New Delhi

Published :  21 June 2026, 8:52 PM IST

Advertisement