इंग्लिश बल्लेबाज ने स्कोरर से पढ़वाया 4 और 6 का पहाड़ा! 47 गेंदों में जड़ी सेंचुरी, केवल बाउंड्री से बना दिए 110 रन

इंग्लैंड की ए टीम से खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स ने टी20 ब्लास्ट में छक्के-चौकें की बरसात कर दी। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी देखकर हर किसी के होश उड़ गए। उन्होंने गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 231 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

Post Published By: Mrinal Pathak
Updated : 18 July 2025, 10:58 AM IST
google-preferred

New Delhi: क्रिकेट एक ऐसा खेल है, जहां कभी भी कुछ भी हो सकता है। कभी वो टीम जीत दर्ज करने में कामयाब हो जाती है, जो पूरे मुकाबले में हारती नजर आ रही होती है, तो कभी वो टीम हार जाती है, जो शुरुआत से ही मजबूत दिखाई दे रही थी। लेकिन, इस बार कुछ अलग ही कारनामा हो गया है। टी20 ब्लास्ट के एक मुकाबले में इंग्लैंड के 24 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज का तूफान देखकर हर किसी की आंखे खुली की खुली रह गई।

दरअसल, इंग्लैंड की ए टीम से खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स ने हैम्पशायर के खिलाफ टी20 ब्लास्ट में छक्के-चौकें की बरसात कर दी। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी देखकर हर किसी के होश उड़ गए। उन्होंने गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 231 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 11 छक्के और 11 चौके लगाए। उन्होंने महज 47 गेंदों में ही अपना शतक पूरा कर लिया।

छक्कों-चौकों की बरसात

जॉर्डन कॉक्स ने 60 गेंदों में 11 चौकों और 11 छक्कों की मदद से नाबाद 139 रन बनाकर अपनी टीम एसेक्स को शानदार जीत दिलाई। 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एसेक्स की टीम ने 4 गेंद शेष रहते चार विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस दौरान कॉक्स ने 231.66 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और हैम्पशायर के सभी गेंदबाजों की धुनाई की। उनकी शानदार बल्लेबाजी की अब हर जगह चर्चा हो रही है।

टोबी एलबर्ट की पारी बर्बाद

टॉस जीतकर एसेक्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैम्पशायर ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 220 रन बनाए थे। हैम्पशायर के लिए बल्लेबाजी करते हुए टोबी एलबर्ट ने 55 गेंदों पर सबसे ज्यादा 84 रनों की शानदार पारी खेली। जिसमें 12 चौके और 1 छक्का शामिल था। उनके अलावा कैटराइट ने 23 गेंदों पर 56 रन बनाए। कैटराइट ने 5 छक्के और 3 चौके लगाए थे। वहीं एक्सेस की तरफ से गेंदबाजी करते हुए शिमरन हारमर और मैकेंजी जोन्स ने 2-2 विकेट चटकाए थे।

कॉक्स ने टीम को दिलाई जीत

वहीं, 221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसेक्स की टीम के लिए कॉक्स के अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना पाया। हालांकि, टीम ने 4 गेंद शेष रहते हुए ही जीत दर्ज कर ली, क्योंकि अकेले कॉक्स ही हैम्पशायर के लिए काफी थे। हैम्पशायर के लिए क्रिस वुड और लियाम डॉसन ने दो-दो विकेट अपने नाम किए, लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा।

Location :  New Delhi

Published :  18 July 2025, 10:58 AM IST

Related News

Advertisement