
पाक टीम
नई दिल्ली: इंग्लैंड के पोर्ट्समाउथ में पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम को लेकर एक अजीब घटना सामने आई। प्रदर्शनकारियों ने होटल के बाहर विदेशी नागरिकों का समूह समझकर विरोध शुरू कर दिया, लेकिन बाद में पता चला कि वहां मौजूद लोग कोई शरणार्थी नहीं बल्कि पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और स्टाफ थे।
गलत जानकारी के कारण शुरू हुआ यह प्रदर्शन पुलिस और स्थानीय पार्षद के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ। जब प्रदर्शनकारियों को सच्चाई पता चली तो वे वहां से चले गए।
यह घटना मंगलवार शाम पोर्ट्समाउथ के मैरियट होटल के बाहर हुई। इसी होटल में पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम ठहरी हुई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, ऑनलाइन एक तस्वीर और अफवाह के बाद करीब 30 से 40 लोग होटल के बाहर जमा हो गए। उन्हें लगा कि होटल में शरण मांगने वाले विदेशी नागरिकों का समूह पहुंचा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि होटल में ठहरे लोग पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम के सदस्य हैं।
मामले को शांत कराने में रिफॉर्म पार्टी के पार्षद जॉर्ज मैडग्विक ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने होटल से संपर्क कर टीम के कोच से बात की और फिर बाहर मौजूद लोगों को पूरी जानकारी दी।
मैडग्विक ने बताया कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा कि उनसे गलती हो गई है और यह कोई शरणार्थियों का समूह नहीं बल्कि एक क्रिकेट टीम है। इसके बाद प्रदर्शनकारी कुछ ही मिनटों में वहां से चले गए।
उन्होंने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी क्योंकि पूरा मामला केवल एक गलत अनुमान के कारण शुरू हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक तस्वीर से हुई थी। तस्वीर में कुछ विदेशी नागरिक बस से उतरते नजर आए थे, जिसके बाद लोगों ने बिना पुष्टि किए उन्हें शरणार्थी समझ लिया।
पार्षद जॉर्ज मैडग्विक ने कहा कि यह सिर्फ एक अनुमान था, जिसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं था। हैम्पशायर पुलिस ने भी पुष्टि की कि अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बात कर उन्हें गलतफहमी के बारे में जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, किसी अपराध की पुष्टि नहीं हुई और रात करीब नौ बजे से पहले भीड़ वहां से हट गई।
पोर्ट्समाउथ नॉर्थ की सांसद अमांडा मार्टिन ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रवास को लेकर चर्चा हो सकती है, लेकिन वह तथ्यों और सही जानकारी पर आधारित होनी चाहिए, अफवाहों पर नहीं।
घटना के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पाकिस्तान अंडर-19 टीम की सुरक्षा और स्थिति की जानकारी ली। साथ ही दौरे के बाकी हिस्से के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
पाकिस्तान की अंडर-19 टीम फिलहाल इंग्लैंड दौरे पर है। टीम ने अरुंडेल में इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ चार दिवसीय मुकाबला खेला था, जिसमें उसे 10 रन से हार मिली थी।
इसके बाद 9 सितंबर को खेले गए यूथ वनडे मुकाबले में पाकिस्तान ने शानदार वापसी करते हुए इंग्लैंड को 177 रन से हराया।
Location : New Delhi
Published : 10 September 2026, 12:12 PM IST
Topics : England Cricket News Pakistan U19 cricket team Pakistan Under 19 team England tour Portsmouth hotel incident refugee misunderstanding