इंग्लैंड दौरे पर गई पाक क्रिकेट टीम के 7 खिलाड़ियों की छुट्टी, कोच सरफराज भी बर्खास्त

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में लगातार दो करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा भूचाल आ गया है। पीसीबी ने बीच दौरे पर ही मुख्य कोच सरफराज अहमदसमेत 7 सीनियर खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाकर स्वदेश भेज दिया है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 1 September 2026, 11:36 AM IST

New Delhi: इंग्लैंड दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कड़ा कदम उठाया है। टेस्ट सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बाद बोर्ड ने टीम में बड़े बदलाव करते हुए सात खिलाड़ियों को बाहर कर दिया है। इसके अलावा, टेस्ट हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को उनके पदों से हटा दिया गया है।

रिजवान, इमाम और सलमान समेत सात खिलाड़ी बाहर

PCB के इस फैसले से कई बड़े नाम प्रभावित हुए हैं। अनुभवी खिलाड़ी जैसे विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा और इमाम-उल-हक को टीम से बाहर कर दिया गया है। साथ ही खुर्रम शहजाद, मोहम्मद ओवैस जफर, आमिर जमाल और अली उस्मान को इंग्लैंड दौरे से वापस भेज दिया गया है। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच 9 सितंबर, 2026 से बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें - 74 साल के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा! 4 पारियों में 200 रन भी नहीं बना पाया पाकिस्तान, इंग्लैंड ने रौंदा

तीसरे टेस्ट से पहले कोचिंग स्टाफ में बदलाव

पाकिस्तान टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा टेस्ट मैच नए कोचिंग सेटअप के तहत खेलेगी। PCB ने व्हाइट-बॉल टीम के कोच माइक हेसन को टेस्ट टीम का अंतरिम हेड कोच नियुक्त किया है, जबकि एशले नोफके को बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच बर्मिंघम के एजबेस्टन में 9 सितंबर से खेला जाना है।

शर्मनाक हार के बाद बड़े बदलाव

पाकिस्तान टीम को पहले टेस्ट में एक पारी और 103 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट के लिए बाबर आजम की वापसी के बावजूद टीम 194 रनों से हार गई। सीरीज की चार पारियों में पाकिस्तान टीम एक बार भी 200 रनों का आंकड़ा पार नहीं कर पाई।

युवा खिलाड़ियों के लिए मौका

इन बड़े बदलावों के बाद PCB ने कई युवा खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। सैम अयूब, अब्दुल्ला फजल और अराफात मिन्हास को वापस बुलाया गया है। इसके अलावा साद बेग, मोहम्मद इमरान जूनियर, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह जैसे नए चेहरों को मौका दिया गया है।

यह भी पढ़ें - ‘विराट हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं’, इंग्लैंड के बल्लेबाज Jordan Cox ने किया बड़ा खुलासा

इमाम-उल-हक की चोट पर सवाल

इस बीच इमाम-उल-हक की चोट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर स्टुअर्ट ब्रॉड ने आरोप लगाया कि इमाम चोट का नाटक कर रहे थे। हालांकि, PCB ने स्पष्ट किया कि इमाम को पिंडली (calf) में चोट लगी है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

बाबर आजम करेंगे टीम की कप्तानी

तीसरे टेस्ट के लिए घोषित 16 सदस्यों वाली टीम में बाबर आजम ही कप्तान बने रहेंगे। अब टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का मिश्रण देखने को मिलेगा। PCB के इस बड़े कदम को पाकिस्तान क्रिकेट के लिए एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  1 September 2026, 11:33 AM IST