राजमिस्त्री का बेटा अब IPL के मैदान में मचाएगा धमाल, पंजाब किंग्स ने 30 लाख में खरीदा गोरखपुर का लाल

राजमिस्त्री का बेटा अब आईपीएल के मैदान में मचाएगा धमाल,पंजाब किंग्स ने 30 लाख में खरीदा गोरखपुर का लाल,पढिए पूरी खबर

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 December 2025, 7:28 PM IST

Gorakhpur: कहते हैं हालात कितने भी कठिन क्यों न हों अगर हौसले बुलंद हों तो सफलता कदम चूमती है। गोरखपुर के युवा क्रिकेटर विशाल निषाद ने इस कहावत को सच कर दिखाया है। बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने आईपीएल ऑक्शन में पंजाब किंग्स (PBKS) की जर्सी पहनकर न सिर्फ अपने सपनों को उड़ान दी है, बल्कि गोरखपुर का नाम भी देशभर में रोशन किया है। पंजाब किंग्स ने उन्हें उनकी बेस प्राइस 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।

विशाल निषाद के बारे में

21 वर्षीय विशाल निषाद एक राइट आर्म मिस्ट्री स्पिन गेंदबाज हैं, जिनकी फिरकी और विविधता बड़े-बड़े बल्लेबाजों को भी चकमा देने में सक्षम है। वह राजघाट थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद लहसड़ी गांव के निवासी हैं। उनके पिता उमेश निषाद पेशे से राजमिस्त्री हैं, जो दिन-रात मेहनत कर परिवार का पेट पालते रहे, जबकि मां सुनीता देवी गृहिणी हैं। आर्थिक तंगी इतनी थी कि कई बार विशाल को भी अपने पिता के साथ मजदूरी करनी पड़ी, लेकिन क्रिकेट के प्रति जुनून कभी कमजोर नहीं पड़ा।

महराजगंज में जेल की दीवारों के पीछे क्या हुआ? कैदी की मौत से हड़कंप

विशाल निषाद बने युवाओं के लिए प्रेरणा

संघर्षों के बीच विशाल के माता-पिता ने बेटे के सपनों को अपना सपना बना लिया। सीमित आमदनी के बावजूद उन्होंने क्रिकेट अकादमी की फीस, किट और आने-जाने के खर्चों का किसी तरह इंतजाम किया। यही पारिवारिक समर्थन विशाल की सबसे बड़ी ताकत बना। विशाल ने यूपी-टी20 लीग में गोरखपुर लायंस की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। अनुभवी बल्लेबाज नीतीश राणा जैसे खिलाड़ियों को आउट कर उन्होंने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनकी मिस्ट्री स्पिन ने यह संकेत दे दिया था कि आईपीएल की बोली उनसे दूर नहीं रहने वाली।

नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन: लोगों के बीच भय पैदा करने वाले 2 बदमाश दबोचे, जानें क्या कांड किया था?

इलाके में खुशी की लहर

वर्तमान में विशाल संस्कृति क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास कर रहे हैं, जहां उन्हें कोच कल्याण सिंह का मार्गदर्शन मिल रहा है। कोच का मानना है कि विशाल में भविष्य का बड़ा मैच विनर बनने की पूरी क्षमता है और वह पंजाब किंग्स के लिए अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। जैसे ही आईपीएल चयन की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में जश्न का माहौल बन गया। मिठाइयां बांटी गईं, ढोल-नगाड़े बजे और हर जुबां पर विशाल की मेहनत की कहानी थी। आज विशाल निषाद सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि उन हजारों युवाओं के लिए उम्मीद की रोशनी हैं, जो सीमित साधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 17 December 2025, 7:28 PM IST