
Aman Sehrawat (Image: Social Media)
New Delhi: मैट पर मुकाबला शुरू हुआ तो सामने था वर्ल्ड चैंपियन और दूसरी तरफ भारत का अमन सहरावत। मुकाबला आगे बढ़ा तो दोनों पहलवानों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली, लेकिन आखिर में बाजी अमन के नाम रही। अमन सहरावत ने Asian Games 2026 में पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में Gold Medal जीतकर इतिहास रच दिया। फाइनल में उन्होंने नॉर्थ कोरिया के वर्ल्ड चैंपियन हांग चोंग सोंग को 11-7 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया।
अमन सहरावत की इस जीत की खास बात यह रही कि 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में यह भारत का पहला Asian Games Gold Medal है। अमन की वर्ल्ड रैंकिंग 32 है, लेकिन फाइनल में उन्होंने अपनी रैंकिंग से कहीं ज्यादा दमदार प्रदर्शन किया और वर्ल्ड चैंपियन हांग चोंग सोंग को मात दे दी। यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि 2023 Asian Games में अमन ने Bronze Medal जीता था, जबकि हांग चोंग सोंग ने Silver Medal हासिल किया था। तीन साल बाद दोनों फिर आमने-सामने आए और इस बार अमन ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अमन सहरावत की कहानी सिर्फ कुश्ती की जीत तक सीमित नहीं है। उनकी जिंदगी में मुश्किल दौर भी आया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। अमन ने महज 11 साल की उम्र में अपने माता-पिता को खो दिया था। इसके बाद कुश्ती उनके लिए सिर्फ खेल नहीं रही, बल्कि यही उन्हें आगे बढ़ने की वजह भी देती रही। ओलिंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार से प्रभावित होकर अमन ने दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में ललित कुमार से ट्रेनिंग शुरू की। यहीं उन्होंने अपनी आक्रामक ग्रैपलिंग शैली को निखारा और धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
अमन ने 2022 में स्पेन में आयोजित अंडर-23 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में Gold Medal जीतकर इतिहास रचा। वह इस प्रतियोगिता में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने। इसके बाद उन्होंने सीनियर सर्किट में भी अपनी जगह मजबूत की। 2023 में कजाखस्तान में आयोजित एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में अमन ने गोल्ड मेडल जीता। उसी साल Asian Games में उन्होंने Bronze Medal हासिल किया।
अमन सहरावत का शानदार सफर 2024 Paris Olympics में भी जारी रहा। उन्होंने पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल स्पर्धा में प्यूर्टो रिको के डेरियन क्रूज को हराकर Bronze Medal जीता था। उस समय 21 साल और 24 दिन की उम्र में वह व्यक्तिगत ओलिंपिक मेडल जीतने वाले सबसे युवा भारतीय एथलीट बने थे। कुश्ती में लगातार शानदार प्रदर्शन के लिए अमन सहरावत को 2024 में अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। अब Asian Games 2026 में Gold Medal जीतकर उन्होंने अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है।
Location : New Delhi
Published : 3 October 2026, 4:35 PM IST