Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी का तूफान, थाईलैंड को 20-1 से रौंदा; 3 मैचों में 56 गोल, दीपिका सहरावत ने अकेले दागे 9

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 20-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारत ने तीन मैचों में 56 गोल किए, जबकि दीपिका सहरावत ने अकेले 9 गोल दागे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 September 2026, 2:52 PM IST

New Delhi: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने थाईलैंड को 20-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले भारतीय टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 और इंडोनेशिया को 17-1 से शिकस्त दी थी। तीन मुकाबलों में भारत अब तक 56 गोल दाग चुका है।

ये भी पढ़ें:Asian Games 2026: Mirabai Chanu ने एशियाड में रचा इतिहास, 28 साल बाद भारोत्तोलन में भारत को दिलाया रजत पदक

दीपिका सहरावत ने अकेले किए 9 गोल

भारतीय टीम की जीत में दीपिका सहरावत का प्रदर्शन खास रहा। उन्होंने अकेले 9 गोल किए और सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए आए। दीपिका ने दूसरे मिनट में भारत का खाता खोला और इसके बाद 8वें, 9वें, 24वें, 33वें, 36वें, 39वें, 51वें और 57वें मिनट में गोल दागे।

दीपिका के अलावा नवनीत कौर ने चार गोल किए, जबकि रुतुजा पिसल ने हैट्रिक लगाई। नेहा, लालरेम्सियामी, साक्षी राणा और कप्तान सलीमा टेटे ने भी गोल कर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया।

ये भी पढ़ें: Ram Mandir Donation Theft Case: 8 आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल, वकीलों का कार्य बहिष्कार; कोर्ट परिसर में गहमागहमी

थाईलैंड को मिला सिर्फ एक गोल

थाईलैंड की टीम पूरे मुकाबले में भारतीय डिफेंस के सामने संघर्ष करती नजर आई। उसे मैच के चौथे क्वार्टर के अंतिम हिस्से में एकमात्र गोल करने में सफलता मिली। सुपांसा समंसो के ड्रैग-फ्लिक के डिफ्लेक्ट होने के बाद गेंद भारतीय गोल में पहुंची।

जापान से अगला मुकाबला

इस जीत के साथ भारतीय टीम पूल बी में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। अब भारत का अगला मुकाबला शुक्रवार को जापान से होगा। नॉकआउट चरण से पहले यह मुकाबला टीम के लिए अहम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: भारत का कबड्डी दबदबा बरकरार, पुरुष टीम ने पक्का किया पदक; महिलाओं ने ईरान को दी करारी शिकस्त

1982 के बाद गोल्ड पर नजर

भारतीय महिला हॉकी टीम की नजर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक पर है। टीम ने हांगझोऊ एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था। अब भारतीय टीम 1982 के बाद महिला हॉकी में अपना पहला एशियन गेम्स गोल्ड हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

Location :  new delhi

Published :  23 September 2026, 2:52 PM IST