Asian Games 2026: महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया पर बरसाए 17 गोल, बैडमिंटन में भारत की शानदार जीत

Asian Games 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 17-1 से हराया, जबकि पुरुष बैडमिंटन टीम ने बांग्लादेश को 3-0 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 September 2026, 3:31 PM IST

New Delhi: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। सोमवार (21 सितंबर) को भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया के खिलाफ जबरदस्त आक्रामक खेल दिखाते हुए 17-1 से बड़ी जीत दर्ज की।

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने दबाव बनाकर रखा और लगातार गोल करते हुए इंडोनेशिया की डिफेंस को कमजोर कर दिया। भारत की ओर से दीपिका सहरावत, नवनीत कौर और रुतुजा पिसाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई और तीन-तीन गोल दागे।

दीपिका, नवनीत और रुतुजा ने लगाई हैट्रिक

भारतीय टीम की इस बड़ी जीत में कई खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा। सुनीलिका तोप्पो और लालरेम्सियामी ने दो-दो गोल किए, जबकि साक्षी राणा ने भी दो गोल दागे।

कप्तान सलीमा टेटे और ईशिका चौधरी ने एक-एक गोल कर टीम की जीत को और बड़ी बना दिया। इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने शुरुआती मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराकर शानदार आगाज किया था।

अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला 23 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ होगा।

पुरुष बैडमिंटन टीम ने बांग्लादेश को 3-0 से हराया

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया। राउंड ऑफ 16 मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।

भारत के तीनों सिंगल खिलाड़ियों ने सीधे गेमों में जीत हासिल की, जिसके कारण डबल्स मुकाबले की जरूरत ही नहीं पड़ी।

लक्ष्य सेन समेत भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा

पहले मुकाबले में लक्ष्य सेन ने अयमान इब्न जमान को 21-4, 21-12 से हराया। इसके बाद आयुष शेट्टी ने गौरव सिंघा को 21-4, 21-13 से मात दी।

तीसरे मुकाबले में अनुभवी खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने अल अमीन जुमार को 21-15, 21-9 से हराकर भारत को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिलाई।

अब क्वार्टर फाइनल में भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम का सामना मेजबान जापान से होगा।

महिला बैडमिंटन टीम भी क्वार्टर फाइनल में पहुंची

भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने भी अपने मुकाबले में शानदार जीत हासिल की। भारतीय टीम ने कजाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

अब महिला टीम का सामना भी क्वार्टर फाइनल में जापान से होगा। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय दल लगातार मजबूत प्रदर्शन कर पदक की उम्मीदों को बढ़ा रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  21 September 2026, 3:31 PM IST