64 साल पुराना रिकॉर्ड भी टूट गया! भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-2 से धोया, एशियाड में रचा नया इतिहास

भारतीय हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराकर सिर्फ एक और जीत दर्ज नहीं की, बल्कि 64 साल पुराना रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। मैच में भारत ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और कई गोल दागे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 September 2026, 4:10 PM IST

New Delhi: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने एशियाई खेलों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। पूल-ए के मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराया। इस जीत के साथ भारत ने कोरिया के खिलाफ एशियाड में गोल अंतर के मामले में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले 1962 में भारत ने दक्षिण कोरिया को 5-0 से हराया था।

पहले ही क्वार्टर में भारत ने बना लिया दबदबा

भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। शिलानंद लाकरा ने चौथे मिनट में गोल करके टीम का खाता खोला। इसके बाद सुखजीत सिंह ने भारत की बढ़त को 2-0 किया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया। अभिषेक ने इसके बाद भारत के लिए चौथा गोल किया। दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने गोल दागकर भारत को 5-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। हाफटाइम तक दक्षिण कोरिया के पास भारतीय हमले का कोई आसान जवाब नहीं था।

ये भी पढ़ें- सहारनपुर में आरक्षण के समर्थन में उतरी आजाद समाज पार्टी: सचिन खुराना की हुंकार, मांगें न मानीं तो भारत बंद

दिलप्रीत और अभिषेक ने दो-दो गोल किए

तीसरे क्वार्टर में भी भारत ने अपनी रफ्तार बनाए रखी। दिलप्रीत सिंह ने अपना दूसरा गोल करते हुए भारत की बढ़त और मजबूत की। इसके बाद अभिषेक ने भी अपना दूसरा गोल दाग दिया। तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत 7-1 से आगे था। दक्षिण कोरिया की ओर से किम जैहो ने 42वें मिनट में गोल किया और टीम का खाता खोला। चौथे क्वार्टर में किम योंगबोक ने एक और गोल कर स्कोर 7-2 किया। हालांकि भारत ने आखिरी मिनटों में फिर हमला तेज किया और राजिंदर सिंह ने गोल करके स्कोर 8-2 कर दिया।

1962 का रिकॉर्ड 64 साल बाद टूटा

भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबले में सबसे खास बात गोल का अंतर रहा। भारत ने 2026 के एशियाड में कोरिया को छह गोल के अंतर से हराया। इससे पहले एशियन गेम्स में दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत 1962 में आई थी, जब टीम ने 5-0 से मुकाबला जीता था। इस बार 8-2 की जीत के साथ भारत ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यानी 64 साल बाद भारत ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ एशियाड में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

पहली बार मुकाबले में हुए नौ गोल

इस मुकाबले ने एक और खास रिकॉर्ड बनाया। भारत और दक्षिण कोरिया के बीच पुरुष हॉकी के एशियाड मुकाबले में पहली बार कुल नौ या उससे ज्यादा गोल देखने को मिले। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 5-3 के दो मुकाबले सबसे ज्यादा गोल वाले मैच थे, जिनमें कुल आठ गोल हुए थे।

ये भी पढ़ें- गोरखपुर में विदाई की तैयारी के बीच मातम, सड़क किनारे खड़े परिवार को ऑटो ने मारी टक्कर; मासूम की मौत

अब जापान से होगी टक्कर

दक्षिण कोरिया पर जीत के बाद भारतीय टीम की नजरें पूल स्टेज के अगले मुकाबलों पर हैं। भारत का अगला मुकाबला जापान से 26 सितंबर को होगा, जबकि इसके बाद 28 सितंबर को बांग्लादेश से सामना होना है। भारत इस एशियाड में खिताब बचाने के साथ 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के सीधे क्वालिफिकेशन की दौड़ में भी अपनी स्थिति मजबूत करना चाहता है।

Location :  New Delhi

Published :  24 September 2026, 4:10 PM IST