हिंदी
भारत ने ईरान को हराकर पुरुष कबड्डी में जीता गोल्ड(Img: X)
New Delhi: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 40-34 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियाड में स्वर्ण पदक जीता। मुकाबले की शुरुआत में भारतीय टीम पिछड़ रही थी, लेकिन दूसरे हाफ में खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी करते हुए मैच का रुख बदल दिया।
भारत और ईरान के बीच फाइनल मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा। ईरान ने आक्रामक शुरुआत की, जबकि भारत ने सुपर टैकल के जरिए अहम अंक हासिल किए। हालांकि, भारतीय टीम अपनी बढ़त को लंबे समय तक कायम नहीं रख सकी। ईरान ने भारत को ऑलआउट कर चार अंक हासिल किए और 14-13 की बढ़त बना ली। पहले हाफ के अंत तक ईरान ने 18-17 की मामूली बढ़त बनाए रखी।
Asian Games 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड, भारत के खाते में आया तीसरा स्वर्ण
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने पूरी तरह से खेल की दिशा बदल दी। भारत ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए ईरान को ऑलआउट किया और बढ़त हासिल कर ली। मैच खत्म होने से करीब 10 मिनट पहले भारत के पास पांच अंकों की बढ़त थी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार दबाव बनाए रखा और अपनी बढ़त को मजबूत करते चले गए।
मुकाबले के अंतिम क्षणों में असलम ने शानदार सूझबूझ दिखाई। ईरानी खिलाड़ियों ने उन्हें घेर लिया था, लेकिन उन्होंने चतुराई से वॉकलाइन पार कर महत्वपूर्ण अंक हासिल किया। इसके बाद भारत ने नौ अंकों की बढ़त बना ली और अंततः 40-34 से मुकाबला अपने नाम कर स्वर्ण पदक जीत लिया।
भारतीय कबड्डी के लिए यह एशियाड बेहद खास रहा। पुरुष टीम से पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। इस तरह भारत ने कबड्डी स्पर्धा में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
Location : New Delhi
Published : 26 September 2026, 5:08 PM IST
Topics : Asian Games 2026 India Kabaddi India vs Iran Kabaddi Kabaddi Gold Medal Men's Kabaddi Final