अमेठी के लाल का कमाल! जापान में गूंजा भारत का डंका, किसान के बेटे सलमान खान ने एशियन गेम्स में जीता कांस्य पदक

किसान परिवार से निकलकर अमेठी का यह खिलाड़ी कैसे पहुंचा एशियन गेम्स के मंच तक? सलमान खान ने नौकायन में कांस्य पदक जीतकर रचा नया इतिहास।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 September 2026, 4:29 PM IST

Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के सलमान खान ने एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए नौकायन प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। जापान के नागोया शहर में आयोजित एशियाई खेलों में भारतीय नौकायन टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सलमान खान ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। अमेठी सहित खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी।

किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचे सलमान

तिलोई क्षेत्र के पूरे सिंगई खेरौना गांव निवासी सलमान खान किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह कासिम खान और जबुरन्निशा के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों के बीच मेहनत और लगन से खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए सलमान ने अब एशियाई खेलों में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

कागजी रिपोर्ट नहीं सीधे मरीजों का हाल: अमेठी अस्पताल की हर व्यवस्था पर DM की पैनी नजर, तकलीफ सुनते ही दिए सख्त निर्देश

कोच मोहम्मद आजाद को दिया सफलता का श्रेय

सलमान खान ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय भारतीय सेना में सूबेदार और अंतरराष्ट्रीय नौकायन खिलाड़ी एवं कोच मोहम्मद आजाद को दिया है। सुल्तानपुर निवासी मोहम्मद आजाद के मार्गदर्शन में सलमान ने नौकायन में अपनी तकनीक और प्रदर्शन को बेहतर किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर हासिल किया।

अमेठी के खेल जगत में खुशी की लहर

सलमान की उपलब्धि पर जिला खेल कार्यालय अमेठी सहित जिले के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों ने खुशी जताई। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा, कनिष्ठ सहायक शिवकुमार मौर्य, अंतरराष्ट्रीय एथलीट सूबेदार राहुल पाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. अब्दुल हमीद, खेल प्रशिक्षक मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद नदीम समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी।

नाला अधूरा, भुगतान पूरा? 62 लाख की परियोजना में FD को लेकर भी उठे सवाल, अमेठी में जांच कमेटी गठित

युवा खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणा

उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने कहा कि सलमान खान की सफलता अमेठी के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उनके अनुसार, इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में नौकायन के प्रति रुचि बढ़ सकती है और स्थानीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

भविष्य में और उपलब्धियों की उम्मीद

सलमान खान की सफलता पर राजेश कनौजिया, पंकज दूबे, शहादत, राकेश कश्यप, महेंद्र पाल, मोहम्मद शकील, प्रधानाचार्य रवेन्द्र सिंह और जीतेंद्र कुमार समेत कई लोगों ने प्रसन्नता जताई। खेल जगत से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई कि अमेठी के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।

Location :  Amethi

Published :  24 September 2026, 4:29 PM IST