कानपुर में 26 नवंबर से सजेगा आध्यात्मिक मेला, संतों के साथ होंगे कई खास कार्यक्रम

कानपुर के बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में 26 से 30 नवंबर तक हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का आयोजन होगा। मेले में संत-महात्मा, भजन संध्या और कई खास कार्यक्रम होंगे।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 25 November 2026, 1:34 PM IST

Kanpur: आगामी 26 से 30 नवंबर तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में पांच दिवसीय हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य हिन्दू समाज के विभिन्न मठ-मंदिर, साधू-सन्त, समाजिक सेवा संगठनों के द्वारा किये जाने वाले सेवा कार्यों की जानकारी को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही वेंकटेश्वर धर्म प्रचार रथ भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। जिसकी जानकारी मंगलवार को बीएनएसडी इंटर कॉलेज में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी गई।

सामाजिक समरसता का दिखेगा संगम

प्रेस वार्ता में सेवा संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत सिंह कोठारी, मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष राजकुमार लोहिया, सचिव अरविंद दीक्षित और संस्थान अध्यक्ष संजीव दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले का उद्देश्य भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार को आगे बढ़ाना है, हर व्यक्ति तक पहुंचे इसके साथ ही प्रकृति संरक्षण व सामाजिक समरसता और सेवा की भावना को बढ़ाते हुए लोगों तक पहुंचाना है।

आयोजन में देश के विभिन्न जगहों से आएंगे विशेष अतिथि

इस आयोजन में देश के अलग-अलग जगहों से संत-महात्मा, आध्यात्मिक विभूतियां, शिक्षाविद, विचारक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किये जायेंगे। इस मेले में स्वामी गोविन्द देव गिरी, ज्ञानानंद महाराज,महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव, स्वामी मिथिलेश नन्दिनी शरण, हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के संरक्षक स्वामीनाथन गुरुमूर्ति आएंगे।

वेंकटेश्वर भगवान के संदेशों का प्रचार-प्रसार, ये रहेंगे कार्यक्रम

इस मेले में तिरुपति तिरुमला देवस्थानम का श्री वेंकटेश्वर धर्म प्रचार रथ भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। भगवान वेंकटेश्वर के आध्यात्मिक संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत 26 नवंबर को वृक्ष, गो और तुलसी वंदन से होगी। 27 नवंबर को कन्या वंदन और गीता संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले व सह सरकार्यवाह डॉ कृष्ण गोपाल आएंगे। भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या भी होगी। 28 नवंबर को सामाजिक समागम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इस दिन डॉ. सुधांशु त्रिवेदी , ओमशंकर त्रिपाठी भी शामिल होंगे। हनुमान अंश के कलाकारों की प्रस्तुति, अखंड हनुमान चालीसा पाठ और अनन्या सिंह का भजन कार्यक्रम होगा।

Anant Singh:10 बीघा में पंडाल, 500 हलवाई और 140 व्यंजन; ऐसी होगी छोटे सरकार की बेटी की शादी

29 नवंबर को मातृ-पितृ वंदन और विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित होगा, जबकि 30 नवंबर को परमवीर वंदन के साथ स्वामी गोविंद देव गिरि रहेंगे। पुरुष्कार वितरण के बाद पांच दिवसीय मेले का समापन किया जाएगा।

Location :  Kanpur

Published :  25 November 2026, 12:01 PM IST