Rohtak Power Cut: बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, 132 केवी पावर हाउस पर घंटों धरना, अधिकारियों ने दिया 5 दिन का आश्वासन

रोहतक के खरावड़ गांव में लगातार बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने 132 केवी पावर हाउस पर धरना दिया। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग करते हुए चेतावनी दी कि एक सप्ताह में समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 June 2026, 9:00 AM IST

Rohtak: हरियाणा के रोहतक के खरावड़ गांव में लगातार बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने दिल्ली बाईपास स्थित 132 केवी पावर हाउस के बाहर धरना देकर बिजली निगम के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुआ यह धरना दोपहर तीन बजे तक जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने बिजली आपूर्ति में सुधार और बार-बार लगने वाले कटों को तुरंत बंद करने की मांग उठाई।

पावर हाउस पर तालाबंदी की चेतावनी

धरने के दौरान ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पावर हाउस पर तालाबंदी करने का भी निर्णय लिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखा।

अधिकारियों ने दिया पांच दिन में समाधान का आश्वासन

ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बीच बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता रामेंद्र मलिक और जेई विजेंद्र राणा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि पांच दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति से जुड़ी सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया।

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में 1265 क्लर्क भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं के लिए बड़ा मौका, जानिए पूरी प्रक्रिया

गर्मी में बढ़ी लोगों की मुश्किलें

सरपंच प्रतिनिधि एडवोकेट दीपक मलिक ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है और लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसके अलावा विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे व्यापारियों का कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

किसानों ने भी जताई नाराजगी

धरने में शामिल किसानों ने भी बिजली निगम के प्रति नाराजगी व्यक्त की। किसानों का कहना है कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यदि समय पर खेतों को पानी नहीं मिला तो फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों ने मांग की कि कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त और नियमित बिजली उपलब्ध कराई जाए।

हरियाणा में अनोखी शादी: दूल्हा-दुल्हन ने कराया खास टेस्ट, रिपोर्ट सामान्य आने पर ही लिए फेरे

समाधान नहीं हुआ तो फिर होगा बड़ा आंदोलन

ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो अगले रविवार को पावर हाउस के बाहर और बड़ा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में अजय मलिक, मनोज मलिक, भोला मलिक, राहुल मलिक, सुरेंद्र मलिक, संजय नंबरदार, प्रदीप पंडित, नितिन पंडित, संजय मलिक, सुरेश मलिक और आकाश मलिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Location :  Rohtak

Published :  1 June 2026, 9:00 AM IST