
सुखबीर सिंह बादल (IMG: Social Media)
Punjab: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद अब आरोपी के बयान से मामला तनावपूर्व हो गया। गुरुवार (13 अगस्त) को एक निहंग ने कृपाण से सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने की कोशिश की थी। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया। अब पूछताछ के दौरान आरोपी जसपाल सिंह ने हमले की वजह को लेकर बड़ा दावा किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उसे "वाहेगुरु से आदेश मिला था।"
नांदेड़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जसपाल सिंह से लगातार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में सामने आए उसके बयान के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था और आरोपी की मानसिक स्थिति उस समय कैसी थी।
हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी घायल हो गए। सुरक्षा कर्मियों की तत्परता के कारण आरोपी को तुरंत काबू कर लिया गया और बड़ी घटना टल गई। घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ के अलावा आसपास मौजूद लोगों और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
सुखबीर सिंह बादल महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब पहुंचे थे। हमले से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर परिवार के साथ गुरुद्वारे में माथा टेकने और सभी की भलाई के लिए अरदास करने की जानकारी साझा की थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था कि उन्होंने परिवार के साथ तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में सिर झुकाया और सभी की खुशहाली के लिए अरदास की। फिलहाल पुलिस आरोपी के बयान और हमले के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर साफ हो पाएगी।
Location : Punjab
Published : 14 August 2026, 1:10 PM IST