गुलजार सिंह की मौत पर गरमाई पंजाब की सियासत! राहुल गांधी के आरोपों पर केजरीवाल बोले- ‘लाशों पर राजनीति बंद करें’

पंजाब में नशे के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल आमने-सामने हैं। गुलजार सिंह की मौत को लेकर राहुल गांधी ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और स्वतंत्र जांच की मांग की। अब केजरीवाल ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर मौत के मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 9 September 2026, 2:59 PM IST

Chandigarh: पंजाब में नशे का मुद्दा एक बार फिर सियासी जंग का मैदान बन गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पलटवार किया है। मामला गुलजार सिंह की मौत से जुड़ा है, जिसे लेकर राहुल गांधी ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर गंभीर सवाल उठाए थे। अब केजरीवाल ने कांग्रेस पर ही पंजाब में नशे की समस्या को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी से राजनीति बंद करने की अपील की है।

केजरीवाल ने दावा किया कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है और राज्य में पहली बार नशे के खिलाफ इतने बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, राहुल गांधी का आरोप है कि सरकार की नाकामी पर सवाल उठाने वालों को धमकाया और प्रताड़ित किया जा रहा है। गुलजार सिंह की मौत को लेकर दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग ने पंजाब की सियासत को और गर्म कर दिया है।

केजरीवाल बोले- नशे के खिलाफ निर्णायक युद्ध जारी

अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ निर्णायक युद्ध लड़ रही है। उनका दावा है कि देश में पहली बार कोई राज्य नशे के खिलाफ इस तरह का अभियान चला रहा है। केजरीवाल ने कांग्रेस के साथ-साथ अकाली दल और बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों की सरकारों के दौरान पंजाब में नशे की समस्या लगातार बढ़ती गई और अब आम आदमी पार्टी की सरकार इसे खत्म करने की कोशिश कर रही है।

पंजाब फतह करने उतरी BJP: ब्यास में पीएम मोदी का संभावित प्रवास, 18 सितंबर से बदलेगी सूबे की सियासत

गुलजार सिंह की मौत पर राहुल गांधी को घेरा

गुलजार सिंह की मौत को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर केजरीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मौत का बेहद दुख है, लेकिन किसी व्यक्ति की मौत पर राजनीति करना ठीक नहीं है। केजरीवाल ने दावा किया कि जब कांग्रेस के विधायक इस मामले को लेकर गांव पहुंचे तो गांव वालों ने उन्हें वहां से निकाल दिया। उन्होंने राहुल गांधी से अपील की कि वह भी एक बार उस गांव में

जाकर स्थिति को खुद देखें।

 

राहुल गांधी ने लगाए थे गंभीर आरोप

इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा था। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि पंजाब में सरकारी नाकामी पर सवाल उठाने वाले लोगों को धमकाया और प्रताड़ित किया जा रहा है। राहुल गांधी के मुताबिक, दलित समुदाय से आने वाले गुलजार सिंह ने वित्त मंत्री से पंजाब में नशे के कारोबार को लेकर सवाल किया था। आरोप है कि इसके बाद उन पर माफी मांगने का दबाव बनाया गया और उन्हें कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया।

पंजाब के कपूरथला में अजूबा: 15 दिन पहले जिसकी दी अंतिम विदाई, वह जेल में मिला सुरक्षित; अब तलाश उस लाश की

राहुल ने भगवंत मान से की थी कार्रवाई की मांग

गुलजार सिंह की मौत को लेकर राहुल गांधी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से वित्त मंत्री का इस्तीफा लेने की मांग की थी। साथ ही उन्होंने मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की। राहुल गांधी का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति ने नशे के कारोबार जैसे गंभीर मुद्दे पर सवाल उठाया और उसके बाद उसके साथ इस तरह की घटना हुई, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

Location :  Chandigarh

Published :  9 September 2026, 2:59 PM IST