Punjab Assembly Election: सुखबीर सिंह बादल लौटे NDA में, भाजपा-अकाली दल मिलकर लड़ेंगे चुनाव

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनतका पार्टी और शिरोमणी अकाली दल के बीच गठबंधन का ऐलान हो गया है। इसके साथ ही सुखबीर सिंह बादल की एनडीए में वापसी हो गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 November 2026, 1:11 PM IST

चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिल सकता है। शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच एक बार फिर गठबंधन की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं। पिछले करीब एक महीने से दोनों दलों के बीच चल रही बातचीत अब अंतिम दौर में बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन को लेकर दोनों पार्टियों के बीच लगभग सहमति बन गई है।

सबसे अहम बात यह है कि इस बार सीटों के बंटवारे को लेकर भी संभावित फार्मूला सामने आया है। चर्चा है कि भाजपा पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 48 से 55 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है, जबकि बाकी सीटें शिरोमणि अकाली दल के खाते में जा सकती हैं।

दोनों दलों के बीच गठबंधन की अटकलें उस समय तेज हो गई थीं, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में NDA की सरकार बनने का दावा किया था। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात को भी राजनीतिक रूप से अहम माना गया। वहीं, भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी सीआर पाटिल की सक्रियता ने गठबंधन की चर्चाओं को और हवा दी है।

भाजपा अब पुराने सीट बंटवारे के फार्मूले से संतुष्ट नहीं

दरअसल, भाजपा इस बार 2017 के विधानसभा चुनाव में लागू हुए 94-23 के सीट बंटवारे के फार्मूले पर चुनाव लड़ने के पक्ष में नहीं है। वर्ष 2017 में अकाली दल ने 94 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि भाजपा के हिस्से में 23 सीटें आई थीं।

इस बार भाजपा अपने बढ़ते संगठनात्मक आधार और पंजाब में मजबूत होती चुनावी दावेदारी के आधार पर अधिक सीटें चाहती है। पार्टी की नजर उन विधानसभा क्षेत्रों पर भी है, जहां वह अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की संभावनाएं देख रही है।

वहीं, शिरोमणि अकाली दल भी अपने पारंपरिक प्रभाव वाले क्षेत्रों में सीटें छोड़ने को लेकर सतर्क है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर संतुलन बनाने की कोशिश की जा रही है।

मजबूत सीटों को ध्यान में रखकर बनेगी रणनीति

सूत्रों के अनुसार, दोनों पार्टियां एक-दूसरे के मजबूत क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए चुनावी रणनीति तैयार करने पर विचार कर रही हैं। यदि गठबंधन पर अंतिम मुहर लगती है तो पंजाब की राजनीति में इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है।

हालांकि, अभी तक दोनों दलों की ओर से गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों की नजरें दोनों पार्टियों के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

Location :  Chandigarh

Published :  24 November 2026, 1:11 PM IST