
ट्रैक्टर मार्च से हिला हांसी (Img- Internet)
Hansi: हरियाणा के हांसी में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देने की मांग को लेकर चानौत गांव में पिछले कई दिनों से चल रहा आंदोलन बुधवार देर रात उस समय उग्र हो गया, जब पुलिस और प्रशासनिक टीम ने धरना स्थल पर कार्रवाई की। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह हांसी शहर में 250 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ विशाल मार्च निकाला और लघु सचिवालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
चानौत गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि बुधवार देर रात करीब दो बजे पुलिस और प्रशासन की टीम भारी बल के साथ धरना स्थल पर पहुंची। वहां आमरण अनशन पर बैठे प्रदर्शनकारियों को जबरन उठाने की कोशिश की गई। ग्रामीणों का कहना है कि इस कार्रवाई के दौरान अनशनकारियों के साथ न केवल धक्का-मुक्की की गई, बल्कि उन्हें घसीटा गया और उन पर डंडे भी बरसाए गए।
आधी रात को पुलिसिया कार्रवाई की खबर जैसे ही गांव में फैली, महिलाओं समेत सैकड़ों ग्रामीण तुरंत धरना स्थल पर इकट्ठा हो गए। भारी विरोध और हंगामे को देखते हुए प्रशासनिक टीम को आखिरकार पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा।
हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: अफसरों के विदेशी दौरों पर लगाई रोक, जानें इसके पीछे की वजह
रात की घटना से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। चानौत गांव से 250 से अधिक ट्रैक्टरों का एक विशाल काफिला जींद रोड होते हुए हांसी शहर की तरफ रवाना हुआ। हालांकि, प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिहाज से शहर के अधिकांश मुख्य मार्गों पर भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी, लेकिन ट्रैक्टरों पर सवार ग्रामीणों की भारी भीड़ और उनके आक्रोश के आगे प्रशासन लाचार नजर आया। आखिरकार पुलिस को बैरिकेड हटाकर उन्हें निर्धारित मार्ग से शहर में प्रवेश देना ही पड़ा।
ट्रैक्टरों का यह विशाल काफिला प्रदर्शन करते हुए हांसी के लघु सचिवालय पहुंचा। यहाँ ग्रामीणों ने सचिवालय परिसर का घेराव किया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं और पुरुषों ने क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट के खिलाफ अपना रोष प्रकट करने के लिए सचिवालय के सामने सड़क पर दर्जनों मिट्टी के मटके फोड़े। इस अनोखे प्रदर्शन ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों की मुख्य मांग भाखड़ा पाइपलाइन से चानौत गांव के लिए टी-कनेक्शन (T-Connection) दिए जाने की है, ताकि क्षेत्र में पीने के पानी की किल्लत को हमेशा के लिए दूर किया जा सके। आंदोलन की अगुवाई कर रहे प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक हांसी पेयजल लाइन से उनके गांव को टी-कनेक्शन नहीं मिल जाता, तब तक उनका यह आंदोलन खत्म नहीं होगा। ग्रामीणों ने पुलिस लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई करने और अपनी मांगों को तुरंत पूरा करने की जिद पकड़ रखी है, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
Location : Hansi
Published : 19 June 2026, 9:27 AM IST