
गुरुग्राम में काल बनकर आई फॉर्च्यूनर
Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार को एक दुखद हादसा सामने आया है। किराये का कमरा नहीं मिलने पर आइरिया मॉल के सामने फुटपाथ पर सो रहे बुजुर्ग दंपती को तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने कुचल दिया। हादसे में 80 वर्षीय चिन्जी की मौत हो गई, जबकि उनके पति नत्थू का अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिन्जी के बेटे कैलाश की शिकायत पर बादशाहपुर थाने में फॉर्च्यूनर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के परापातर गांव निवासी कैलाश आठ अक्तूबर को काम की तलाश में अपने माता-पिता के साथ गुरुग्राम आए थे। परिवार किराये का कमरा तलाश रहा था, लेकिन व्यवस्था नहीं होने के कारण तीनों आइरिया मॉल के सामने फुटपाथ पर सो रहे थे। वे पास के इस्कॉन मंदिर में भोजन करते थे।
रविवार सुबह करीब 5:45 बजे कैलाश लघुशंका के लिए गया था। इसी दौरान अनियंत्रित फॉर्च्यूनर ने फुटपाथ पर सो रहे उसके माता-पिता को कुचल दिया। इसके बाद फॉर्च्यूनर पास में खड़ी हाइड्रा मशीन से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर में युवक और युवती सवार थे। दोनों को हल्की चोटें आईं और हादसे के बाद वे मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल दंपती को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। बाद में कैलाश अपने माता-पिता को बसई रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गया, जहां उपचार के दौरान बुजुर्ग चिन्जी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त फॉर्च्यूनर को हाइड्रा की मदद से सड़क से हटवाकर जब्त कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि बादशाहपुर थाने में फॉर्च्यूनर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वाहन नंबर से चालक की पहचान कर ली गई है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
Location : Gurugram
Published : 11 October 2026, 11:56 PM IST