
अमृतसर में AK-47 और दो हैंड ग्रेनेड बरामद (Img: X)
Chandigarh: पंजाब के अमृतसर में सीमा पार से हथियार और विस्फोटक पहुंचाने के कथित नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अमृतसर देहाती पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से AK-47 राइफल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के आगे और पीछे के कनेक्शन की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बब्बा पुत्र भोला सिंह के रूप में हुई है। वह तरनतारन जिले के सराय अमानत खां थाना क्षेत्र के चीमा खुर्द गांव का रहने वाला बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक AK-47 राइफल, एक मैगजीन, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में आरोपी के कथित तौर पर विदेश में बैठे देश विरोधी तत्वों और पाकिस्तान स्थित तस्करों से संपर्क की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि सीमा पार से ड्रोन या अन्य माध्यमों के जरिए हथियारों और विस्फोटकों की खेप पंजाब तक पहुंचाई जा रही थी।
त्योहारों के मौसम से पहले हथियार और विस्फोटकों की इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। हालांकि, बरामद सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इसके पीछे वास्तव में कौन लोग शामिल हैं, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की हत्या, एक्टिवा पर भागते संदिग्धों की CCTV फुटेज आई सामने
पुलिस ने अमृतसर के घरिंडा थाने में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
अमृतसर देहाती पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अब इस कथित नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियारों की खेप सीमा पार से किस माध्यम से पहुंची और इसे आगे किसे सौंपा जाना था। मामले में आगे और गिरफ्तारियां या बरामदगी होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
Location : Chandigarh
Published : 4 October 2026, 2:50 PM IST
Topics : AK 47 Recovered Amritsar Rural Police arms smuggling Pakistan Smuggling Network Weapon Smuggling