अमित शाह पर टिप्पणी मामले में आज राहुल गांधी पर आएगा फैसला, सुलतानपुर रवाना

राहुल गांधी अमित शाह पर कथित टिप्पणी से जुड़े मामले में पेशी के लिए लखनऊ पहुंच गए हैं और सड़क मार्ग से सुल्तानपुर जा रहे हैं। कोर्ट के बाहर कांग्रेस समर्थकों ने ‘सत्यमेव जयते’ के होर्डिंग लगाए हैं। मामले में आज अदालत के फैसले पर नजर है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 October 2026, 10:22 AM IST

Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर की अदालत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कथित टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आज फैसला आने की संभावना है। इस मामले में अदालत की कार्यवाही के लिए राहुल गांधी दिल्ली से विमान के जरिए लखनऊ पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से सुलतानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। राहुल की पेशी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दे रहा है। सुलतानपुर कोर्ट और आसपास के रास्तों पर उनके समर्थन में होर्डिंग लगाए गए हैं, जिन पर ‘सत्यमेव जयते’ लिखा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।

दिल्ली से लखनऊ पहुंचे राहुल गांधी, सड़क मार्ग से सुल्तानपुर रवाना

राहुल गांधी अदालत में पेश होने के लिए दिल्ली से विमान के जरिए लखनऊ पहुंचे। यहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने उनकी अगवानी की। इसके बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए।

आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि राहुल गांधी सुल्तानपुर में पेशी के लिए जा रहे हैं और वह पहले भी यहां आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।

इस मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजर अदालत की कार्यवाही पर टिकी हुई है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने राहुल गांधी के स्वागत की तैयारियां की हैं।

सुल्तानपुर में कई जगह स्वागत की तैयारी

सुल्तानपुर कांग्रेस के शहर अध्यक्ष शकील अंसारी के मुताबिक, राहुल गांधी के काफिले का पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कूरेभार के पास स्वागत किया जाएगा। यहां कूरेभार, धनपतगंज और जयसिंहपुर के कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

इसके बाद टाटियानगर बाईपास पर कादीपुर, अखंडनगर, करौंदीकला, मोतिगरपुर और दोस्तपुर के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। टेढ़ुई तिराहे पर पीपी कमैचा, लंभुआ और भदैया के कांग्रेसजन राहुल गांधी की अगवानी करेंगे।

गोलाघाट स्थित आस्था हॉस्पिटल के सामने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। वहीं, गोलाघाट दीवानी मोड़ पर बल्दीराय, कुड़वार और दुबेपुर के कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। इसके बाद दीवानी न्यायालय के गेट पर शहर कांग्रेस कमेटी और शहरी क्षेत्र के अन्य नेता राहुल गांधी का स्वागत करेंगे।

कोर्ट के बाहर लगाए गए ‘सत्यमेव जयते’ के होर्डिंग

राहुल गांधी के समर्थन में सुलतानपुर अदालत के बाहर और आसपास के रास्तों पर होर्डिंग लगाए गए हैं। इन पर ‘सत्यमेव जयते’ लिखा गया है। कांग्रेस समर्थक इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया को लेकर अपनी उम्मीद जता रहे हैं।

अमित शाह पर कथित टिप्पणी से जुड़े इस मामले में अदालत का फैसला राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, मामले में अंतिम निर्णय अदालत की ओर से ही किया जाएगा। अब सबकी निगाहें सुल्तानपुर कोर्ट की कार्यवाही और फैसले पर टिकी हैं।

Location :  Sultanpur

Published :  26 October 2026, 10:22 AM IST