वाराणसी में 15 से 20 लाख लोगों की भीड़, गंगा के ऊपर दिखेगा वायुसेना का दम; ‘विंग्स ओवर गंगा’ के लिए सुरक्षा का मेगा प्लान तैयार

वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के लिए तैयारियां तेज हैं। 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन में 15 से 20 लाख दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेताओं का 25 अक्टूबर को आना प्रस्तावित है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 October 2026, 7:58 PM IST
google-preferred

Varanasi: भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो आयोजित किया जा रहा है। 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले इस कार्यक्रम में भारतीय सेना और वायुसेना के शौर्य, साहस और सामरिक क्षमता का प्रदर्शन होगा। आयोजन को लेकर योगी सरकार ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और दर्शकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

आयोजन में 15 से 20 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। अंतिम दिन 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों समेत कई गणमान्य लोगों का आगमन प्रस्तावित है।

आसमान में जहां वायुसेना के विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे, वहीं जमीन पर उत्तर प्रदेश पुलिस भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी। प्रशासन ने दर्शकों को घाटों तक पहुंचाने से लेकर कार्यक्रम के बाद सुरक्षित वापसी तक की योजना बनाई है।

11,900 पुलिसकर्मियों की तैनाती

पुलिस आयुक्त वाराणसी कमिश्नरेट मोहित अग्रवाल के अनुसार, एयर शो की सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है और अस्थायी पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के साथ पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता और एटीएस समेत अन्य टीमें शामिल रहेंगी। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, एयरपोर्ट और प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि बाहर से आने वाले दर्शकों को निर्धारित रास्तों से आयोजन स्थल तक पहुंचाया जा सके। सुरक्षा योजना में 79 अस्थायी पुलिस थाने और 11,900 पुलिसकर्मियों की तैनाती का प्रावधान है।

ये भी पढे़ं- बुलेटप्रूफ रथ पर सवार होकर निकले CM योगी, गोरखपुर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

चार ट्रैफिक प्लान से संभलेगा भीड़ का दबाव

दर्शकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए चार अलग-अलग ट्रैफिक प्लान तैयार किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को आंतरिक और बाहरी, दो हिस्सों में बांटा गया है। दोनों के लिए अलग-अलग डायवर्जन, बैरियर और वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। जरूरत के अनुसार इन योजनाओं को लागू किया जाएगा।

घाटों को अलग-अलग जोन में बांटकर पार्किंग स्थल और प्रवेश मार्ग तय किए गए हैं। शहर से आने वाले दर्शकों को गंगा के इस पार निर्धारित पार्किंग और दर्शक स्थलों की ओर भेजा जाएगा। बाहरी जिलों से आने वालों के लिए रामनगर-पड़ाव क्षेत्र में पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था की गई है। प्रमुख रास्तों और प्रवेश बिंदुओं पर पुलिसकर्मी लोगों को दिशा-निर्देश देंगे।

मरीजों के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे। सर सुंदरलाल अस्पताल, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल और पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल समेत प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों को चिन्हित किया गया है। आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के तहत 100 एंबुलेंस और आठ अस्थायी अस्पतालों की व्यवस्था भी की गई है। भीड़ की निकासी, वीवीआईपी आवागमन और आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

वॉच टावर और सीसीटीवी से निगरानी

गंगा घाटों पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग एकल मार्ग बनाए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डबल बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। निगरानी के लिए 25 वॉच टावर बनाए गए हैं। घाटों, प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों को पब्लिक एड्रेस सिस्टम से जोड़ा गया है।

घाटों के प्रवेश बिंदुओं पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। डुमरी से सत्ती घाट और आदि केशव से दशाश्वमेध घाट तक करीब 5.5-5.5 किलोमीटर के हिस्से में डबल बैरिकेडिंग की गई है। नमो घाट से सामने घाट तक, शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों और गलियों में दिशा बताने वाले साइनबोर्ड लगाए गए हैं, जिससे बाहर से आने वाले दर्शकों को रास्ता खोजने में आसानी हो।

गंगा में नावों पर रोक

एयर शो के दौरान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक गंगा में निजी नावों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। नदी और घाटों पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी की बाढ़ राहत कंपनियों और जल पुलिस की तैनाती की गई है। स्थानीय गोताखोरों को भी बचाव कार्य के लिए तैयार रखा गया है। घाटों पर दो वाटर एंबुलेंस की व्यवस्था होगी।

ये भी पढे़ं- सीएम योगी ने विजयादशमी पर गोरखनाथ मंदिर में की विशेष पूजन, गुरु अवेद्यनाथ को किया नमन

पार्किंग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेयजल, शौचालय और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सुरक्षा के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम, एटीवी और साइबर सुरक्षा टीम भी मुस्तैद रहेगी।

दर्शकों को ‘सर’ और ‘मैडम’ कहकर संबोधित करेंगे पुलिसकर्मी

पुलिस आयुक्त ने बताया कि दर्शकों के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल की ट्रेनिंग दी गई है। पुलिसकर्मी लोगों को बिना छुए, विनम्रता से रास्ता बताएंगे और जरूरी निर्देश देंगे। बेहतर भीड़ प्रबंधन के लिए घाटों और नगर क्षेत्र को जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटा गया है।

एयर शो की संवेदनशीलता को देखते हुए गंगा घाटों के दोनों ओर पांच किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रतिबंधित क्षेत्र में संदिग्ध उड़ान गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।

Location :  Varanasi

Published :  21 October 2026, 7:58 PM IST

Advertisement