
18 मंडलों में PM मोदी की सभाओं की तैयारी (Source: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गृह मंत्री अमित शाह के चुनावी मंत्र के बाद पार्टी अब प्रदेश के हर क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और जनता तक पहुंचने की रणनीति पर काम कर रही है। बीजेपी की योजना के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जनसभाएं करेंगे। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह भी लगातार यूपी का दौरा करेंगे और अलग-अलग क्षेत्रों में सभाएं करेंगे।
इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के अन्य बड़े नेता भी चुनावी मैदान में सक्रिय नजर आएंगे। शनिवार को प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
बीजेपी प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी के सभी 18 मंडलों में जनसभाएं करेंगे। इसके जरिए पार्टी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों तक अपनी पहुंच मजबूत करना चाहती है।
वहीं, अमित शाह भी प्रदेश के हर क्षेत्र में जाकर संगठन और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। राजनाथ सिंह, नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभाओं और कार्यक्रमों की भी योजना बनाई जा रही है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी, जगदीश पटेल, अनंत ओझा, डॉ. प्रदीप वर्मा समेत प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
18 मंडलों में PM मोदी की सभाओं की तैयारी (Source: Pinterest)
बीजेपी ने घर-घर संपर्क अभियान को चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनाया है। इसके तहत 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और उनकी समस्याओं तथा जरूरतों को समझेंगे।
इसके लिए महिला, युवा, नए मतदाता, किसान, छोटे व्यापारी, पूर्व सैनिक, प्रबुद्ध वर्ग और सामाजिक-धार्मिक संगठनों से संपर्क करने की योजना बनाई गई है। जिला स्तर पर समन्वय टोली का गठन भी किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया को दोहरा झटका : केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया को हराकर साउथ अफ्रीका दुनिया की Top टीम बनी
बीजेपी दीपावली के बाद विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय रूप से जुटेगी। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को छूटे हुए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
विनोद तावड़े ने विधानसभा स्तर पर प्रवासी प्रभारियों की नियुक्ति करने और जिला से लेकर विधानसभा स्तर तक चुनाव व्यवस्था समितियां बनाने के निर्देश दिए। महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को भी विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारी दी जाएगी।
बैठक में सोशल मीडिया की भूमिका पर भी चर्चा हुई। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने सोशल मीडिया टीम के कामकाज पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देना और पार्टी का पक्ष जनता तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने पार्टी की गतिविधियों को सोशल मीडिया पर प्रभावी तरीके से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपेक्षित काम नहीं हो रहा है, जबकि चुनावी माहौल में इसकी भूमिका काफी अहम है।
बीजेपी संगठन को मजबूत करने के लिए पूर्व पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी सक्रिय करेगी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख, बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य और पूर्व पार्षदों को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि प्रवास बढ़ाने और मतदाता सूची के सत्यापन को प्राथमिकता देने की अपील की।
इस तरह बीजेपी ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेशव्यापी जनसंपर्क, संगठन विस्तार और सोशल मीडिया अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि पार्टी की यह रणनीति 2027 के चुनाव में कितना असर दिखाती है।
Location : Lucknow
Published : 1 November 2026, 9:45 AM IST