
यूपी लाइव ब्लॉग (Img: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 30 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
30 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
हाथरस में H1N1 वायरस संक्रमण का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। सिकंदराराऊ के सराय उमदा निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। मरीज का इलाज अलीगढ़ के JNMC में जारी है, वहीं स्वास्थ्य टीम ने परिजनों की जांच कर एहतियाती कदम शुरू कर दिए हैं।
महराजगंज: स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत प्रदेशभर में तैनात करीब चार हजार आउटसोर्स कर्मचारियों ने अब अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। स्वच्छता कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 3 सितंबर से स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) का पूरा काम ठप कर सामूहिक कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 10 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
नेपाल में आई भीषण तबाही के बाद सीतापुर के तीन युवकों के लापता होने से परिवारों की चिंता बढ़ गई है। तीनों युवक त्रिशूल हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की टनल में काम करते थे। 25 अगस्त को आखिरी बार परिजनों से बातचीत के बाद उनका संपर्क टूट गया। प्रशासन अब उनकी तलाश में जुटा है।
बलिया: परिजनों की डांट से क्षुब्ध 18 वर्षीय युवती रविवार सुबह मल्लाहीचक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर की ऊंचाई पर देख परिजनों के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया।
जनपद में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बाढ़ प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया जिलाधिकारी ने सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ी एवं राजस्व ग्राम चौकठ का दौरा कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले दोनों गांवों के संपर्क मार्ग का जायजा लिया।
सिंगरौली में भारी बारिश ने विकास कार्यों की हकीकत सामने ला दी है। मूसलाधार बारिश के बीच नेशनल हाईवे-39 का हिस्सा पानी के तेज बहाव में कट गया, जिससे यातायात ठप हो गया। वहीं हिंडाल्को कंपनी के ऐश डाइक की बाउंड्री वॉल टूटने से ग्रामीणों को नुकसान झेलना पड़ा।
लखनऊ में रविवार शाम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद नगर निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ 72 अवैध चैंबर और दुकानों को हटाया। कार्रवाई के खिलाफ वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन राहत नहीं मिली।
देवरिया: बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। बाराबंकी से एक माह बाद पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर द्वितीय ने ग्रामीणों को साथ लेकर लबकनी गांव में भूख हड़ताल और अनशन शुरू कर दिये है। उनके समर्थन में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और नौजवान सभा स्थल पर पहुंचकर धरने में शामिल हुए।
नेपाल में आई भीषण तबाही के बाद सीतापुर के तीन युवकों के लापता होने से परिवारों में चिंता बढ़ गई है। तीनों युवक नेपाल के त्रिशूल हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की टनल में काम करते थे। 25 अगस्त के बाद से उनका संपर्क टूट गया है। प्रशासन ने नेपाल अधिकारियों से जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सीतापुर के रेउसा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। हादसे में घर में मौजूद महिला गंभीर रूप से झुलस गई। बताया जा रहा है कि आग पेट्रोल से भरे प्लास्टिक गैलन के संपर्क में आने के बाद तेजी से फैली। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
कन्नौज: कन्नौज के इंदरगढ़ कस्बे में बस में चढ़ते समय एक महिला के बैग से पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला ने अज्ञात चोर पर जेवरात और नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
बलिया: प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर टीचर सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) की जिला इकाई ने रविवार को राज्यसभा सांसद नीरज शेखर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
बलिया: एक सितंबर को राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन, बागी बलिया की ओर से रेवती स्थित मां पंचरुखा देवी मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक चलेगा।
महराजगंज: नगरपालिका सिसवा में रविवार को अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के तत्वावधान में 'वॉकाथॉन 2.0' का आयोजन किया गया। जहां नगर के बच्चों, युवाओं और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
फतेहपुर: अमौली विकासखंड क्षेत्र के देवरी से खजुरिहा मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से राहगीरों को सड़क की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। बारिश के बाद मार्ग पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन गई है।
लखनऊ नगर निगम पुराने हाईकोर्ट और जिला अदालत परिसर (रजिस्ट्री कार्यालय व स्वास्थ्य भवन) के पास बने करीब 200 अवैध चेंबरों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी में है। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण खुद हटाने की 29 अगस्त 2026 की दी गई समय सीमा समाप्त हो चुकी है। अब 30 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई प्रस्तावित है। नगर निगम के अनुसार, कई चेंबर सड़क, फुटपाथ, नाली और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाए गए हैं।
प्रयागराज में 12 और 13 सितंबर को अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होगा। इस दो दिवसीय अधिवेशन में देशभर से वैश्य समाज के प्रतिनिधि जुटेंगे और राजनीतिक हिस्सेदारी, व्यापारिक सुरक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर मंथन करेंगे। कानपुर देहात के झींझक से परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
मैनपुरी के अटल चौक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी और युवक के बीच मारपीट के मामले के अगले ही दिन प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नगर पालिका मैनपुरी और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अटल चौक पर सड़क की पटरी और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर हटाया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
मिर्जापुर में एक ट्रेन के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और टिकट चेकिंग स्टाफ मौके पर पहुंचे। जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुलतानपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के निर्देशानुसार सुलतानपुर पुलिस की ओर से खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। 28 से 30 अगस्त तक आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी लाइन रामकृष्ण चतुर्वेदी के नेतृत्व में प्रतिसार निरीक्षक राजेश कुमार ने कार्यक्रम का आयोजन कराया।
जनपद हाथरस में H1N1 (स्वाइन फ्लू) संक्रमण के दो मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। सिकंदराराऊ तहसील के नगरीय क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय यामीन में H1N1 संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और जांच का दायरा बढ़ाया गया है। यामीन का उपचार अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
चंदौली के मुगलसराय स्थित महावीर कॉलोनी (भोगवारे गांव) में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 40-50 हजार रुपये नकद पार कर दिए। घटना के समय परिवार अयोध्या गया हुआ था। परिजनों के वापस लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुट गई है।
सुल्तानपुर जनपद की ग्राम पंचायतों में सरकारी धनराशि के भुगतान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि शासन के निर्देशों के बावजूद ग्राम पंचायत प्रशासकों द्वारा जिलाधिकारी की अनुमति लिए बिना करोड़ों रुपये के भुगतान किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि जिले के विभिन्न विकासखंडों की सैकड़ों ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों एवं अन्य मदों में बड़ी धनराशि का भुगतान किया गया है।
कन्नौज के ठठिया क्षेत्र में रविवार तड़के 4 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। गोंडा के रहने वाले अरुण तिवारी (25) अपने साथी बिपिन तिवारी (20) के साथ बाइक से दिल्ली से गोंडा जा रहे थे। किलोमीटर 209 पर चालक अरुण को झपकी आने से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अरुण की मौके पर मौत हो गई, जबकि बिपिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में पिरई नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूबे 19 वर्षीय युवक का शव रविवार सुबह गोताखोरों ने बरामद कर लिया। शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार पिपरी खुर्द निवासी रवि राठौर (19) पुत्र विजय शंकर शनिवार दोपहर दोस्तों के साथ गाड़ी घाट देविरया पुल के पास पीपर नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते रवि पानी में डूबकर लापता हो गया था।
सीतापुर में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार देर रात कोतवाली देहात क्षेत्र के धरनाग गांव में बड़ा हादसा हो गया। बारिश से कमजोर हुई कच्ची दीवार अचानक छप्पर समेत भरभराकर गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद परिवार मलबे में दब गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला।
उत्तर प्रदेश में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा और दिल दहला देने वाला मामला बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां आवारा सांडों के झुंड ने एक घर में घुसकर मौत का तांडव मचा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बिल्सी के गांव गढ़ी की है। बताया जा रहा है गांव में 4 से 5 आवारा सांड आपस में लड़ते हुए उत्पात मचा रहे थे। इसी दौरान एक मकान के मुख्य दरवाजे पर गेट न होने के कारण सांडों का झुंड सीधे घर के अंदर घुस गया।
देवरिया की जिलाधिकारी रहीं आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक सख्ती, जनसुनवाई और जनहित से जुड़े कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई। जुलाई 2024 में देवरिया की 68वीं जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाने पर जोर दिया।
आगरा में पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने लापरवाही और संदिग्ध भूमिका के आरोप में दो थाना प्रभारियों समेत आठ सिपाहियों पर कड़ी कार्रवाई की है। सदर के नंद प्लाजा कैफे में चल रहे अवैध केबिनों पर छापा मारकर 16 युवक-युवतियों को पकड़ा गया, वहीं जगनेर में अवैध परिवहन के मामले सामने आए। एलआईयू (LIU) की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह निलंबन की कार्रवाई की गई।
उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर हैं, जिससे 26 जिलों के करीब 1.71 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के रौद्र रूप से हाईवे बंद हो गया और हजारों यात्री फंस गए, वहीं प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर मंदिर तक पहुंच गया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है, जबकि प्रभावितों को सहायता की घोषणा की गई है।
वाराणसी के सामने घाट पर 200 करोड़ की लागत से प्रदेश का पहला अंतर्राष्ट्रीय क्रूज़ टर्मिनल बनेगा। 2 एकड़ (8,094 वर्गमीटर) में फैले इस टर्मिनल की क्षमता 10,000 यात्रियों की होगी, जो कोच्चि से 3.6 गुना बड़ा है। यहाँ इमिग्रेशन, कस्टम्स, कैफेटेरिया और ड्यूटी-फ्री शॉप्स जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। इससे हल्दिया तक जल परिवहन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भारी बढ़ावा मिलेगा।
फर्रुखाबाद सदर (194) से सपा के दावेदार नगेंद्र सिंह शाक्य लगातार गांव-गांव जनसंपर्क कर सपा की विचारधारा को मजबूत कर रहे हैं। वर्ष 2004 में बसपा से लोकसभा चुनाव लड़कर तीसरे स्थान पर रहे शाक्य ने 2012 में सपा का दामन थामा था। अब 2027 चुनाव को ध्यान में रखते हुए उनका घर-घर संवाद और कार्यकर्ताओं से मेल-मुलाकात का सिलसिला जारी है।
Location : Lucknow
Published : 30 August 2026, 9:52 AM IST