सुवेंदु अधिकारी की रायगंज रैली में बड़े ऐलान: ‘शिकायत दर्ज कराइए, दोषियों को जेल भेजेंगे’, 12 हजार पुलिस भर्ती तक का वादा

रायगंज की रैली में सुवेंदु अधिकारी ने जमीन पर कथित कब्जे, नागरिकता और कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया। साथ ही AIIMS, कैंसर अस्पताल, सड़क-रेल संपर्क और हजारों पुलिस पदों पर भर्ती जैसे मुद्दों पर कई घोषणाएं कीं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 29 October 2026, 7:20 PM IST

Kolkata: पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में गुरुवार को आयोजित रैली में सुवेंदु अधिकारी ने जमीन पर कब्जे, नागरिकता, रोजगार और विकास जैसे मुद्दों पर कई बड़े बयान दिए। उन्होंने लोगों से अपनी शिकायतें दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस दौरान उन्होंने इंद्रनील सेन की गिरफ्तारी का जिक्र किया और सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण हटाने की बात भी कही। रैली में स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर पुलिस भर्ती तक कई घोषणाएं चर्चा में रहीं।

जमीन पर कब्जे को लेकर सख्त कार्रवाई का दावा

सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि आदिवासी और सनातनी समुदायों की जिन जमीनों पर कथित रूप से जबरन कब्जा किया गया है, उन्हें वापस दिलाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने सरकारी जमीन पर हुए अवैध निर्माणों को हटाने की बात कही। उनके मुताबिक, प्रशासनिक अधिकारियों को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने चोपड़ा के विधायक पर भी निशाना साधा और उनके खिलाफ लंबित मामलों की समीक्षा की बात कही। सुवेंदु ने लोगों से अपनी शिकायतें सामने लाने को कहा और दावा किया कि शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- सुवेंदु अधिकारी का बड़ा दावा, बोले- फ्लोर टेस्ट हुआ तो BJP को मिलेंगे 275 वोट! TMC ने उठाए सवाल

AIIMS, कैंसर अस्पताल और स्कूलों में स्मार्ट क्लास की बात

रैली में उत्तर बंगाल की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का मुद्दा भी उठा। सुवेंदु अधिकारी ने रायगंज में AIIMS स्थापित करने की मांग भारत सरकार के सामने उठाने का वादा किया। उन्होंने जलपाईगुड़ी में कैंसर अस्पताल बनाने और उत्तर दिनाजपुर के अस्पतालों का बुनियादी ढांचा सुधारने की बात कही।

शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम शुरू करने और 2027 से हेमताबाद कॉलेज में कला संकाय के पाठ्यक्रम शुरू करने का दावा किया। उन्होंने कलिम्पोंग और बालुरघाट में मेडिकल कॉलेजों से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात भी कही।

CAA और नागरिकता पर क्या बोले सुवेंदु?

बांग्लादेश सीमा से सटे उत्तर दिनाजपुर में नागरिकता का मुद्दा भी रैली के केंद्र में रहा। सुवेंदु ने दावा किया कि जिले में नागरिकता के लिए करीब 9,000 आवेदन आए हैं। उन्होंने कहा कि CAA के तहत आवेदन करने वाले हिंदू शरणार्थियों की मदद के लिए कदम उठाए जाएंगे। जनवरी तक आवेदकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने का दावा भी उन्होंने किया।

उन्होंने बांग्लादेश से आए हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता दिलाने की बात कही और घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सड़क, रेल और मंदिरों के विकास की योजनाएं

सुवेंदु अधिकारी ने रायगंज से बारसोई तक सड़क संपर्क बेहतर बनाने और कालियागंज-बुनियादपुर ब्रॉडगेज रेल परियोजना के लिए जमीन उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने जिले के मठों और मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए अगले दो वर्षों में 2,000 करोड़ रुपये आवंटित करने की योजना का भी ऐलान किया। साथ ही तीर्थस्थलों को जोड़ने वाला सर्किट विकसित करने का वादा किया।

ये भी पढ़ें- बीरेंद्रनाथ ससमल की जयंती पर तमलुक में भूमि पूजन, सुवेंदु अधिकारी बोले- जनता के लिए काम करेगा कार्यालय

युवाओं के लिए भर्ती और नई योजना का ऐलान

रैली में रोजगार का मुद्दा भी प्रमुख रहा। सुवेंदु ने दावा किया कि नवंबर में पश्चिम बंगाल पुलिस के 9,000 पदों और जनवरी में कोलकाता पुलिस के 3,000 पदों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की जाएगी। उन्होंने ‘भरोसा योजना’ लाने की बात भी कही।

इसके अलावा, उन्होंने जॉब कार्ड धारकों का बकाया सीधे बैंक खातों में पहुंचाने, ISKCON के सहयोग से मिड-डे मील योजना और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई की बात कही।

Location :  Kolkata

Published :  29 October 2026, 7:20 PM IST