
केशव मौर्य के बयान पर शिवपाल का पलटवार (IMG: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी तापमान बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी की ओर से महिलाओं को 40 हजार रुपये देने के वादे के बाद बीजेपी और सपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान महिलाओं को आर्थिक मदद देने का ऐलान किया गया। इसके बाद यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इस घोषणा और सपा की राजनीति पर तीखा हमला बोला।
केशव मौर्य के बयान पर अब जसवंतनगर से सपा विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने जवाब दिया है। शिवपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पलटवार करते हुए कहा कि महिलाओं के हाथ में 40 हजार रुपये पहुंचाने की बात होते ही बीजेपी नेताओं के हाथ-पांव फूल गए हैं।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा के महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़े दावों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुंह से महिला सुरक्षा और सम्मान की बात महज छलावा है। उन्होंने अपने बयान में सपा के पिछले शासनकाल को भी घेरा और आरोप लगाया कि 2012 से 2017 के बीच प्रदेश ने गुंडागर्दी, अपराध, माफिया और दंगाइयों के संरक्षण वाली राजनीति देखी।
केशव मौर्य के इस हमले के बाद शिवपाल सिंह यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि महिलाओं के हाथ में 40 हजार रुपये पहुंचाने की बात हुई तो बीजेपी के नेताओं के हाथ-पांव फूल गए। शिवपाल ने सवाल उठाया कि अगर महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की बात की जा रही है तो बीजेपी को इससे परेशानी क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक मजबूती देने की समाजवादी सोच से घबराने के बजाय बीजेपी सरकार को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।
यूपी चुनाव से पहले योगी सरकार ने अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट को बेचा, 831 करोड़ रुपये में डील
शिवपाल सिंह यादव ने अपने बयान के अंत में बीजेपी को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि अब महिलाएं सवाल भी पूछेंगी और जवाब भी लेंगी। उनके इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सपा की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। सपा लगातार महिलाओं, युवाओं, पिछड़ों और अन्य सामाजिक वर्गों को अपने राजनीतिक एजेंडे के केंद्र में रखने की कोशिश कर रही है। महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी का दावा है कि आर्थिक मदद से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।
Location : Lucknow
Published : 26 August 2026, 5:51 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav keshav prasad maurya Samajwadi Party Shivpal Singh Yadav UP Assembly Election 2027