ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर मुजफ्फरनगर में पोस्टर वार, सपा नेता ने लगवाए ‘नो एंट्री’ के पोस्टर, बताया BJP की B-Team

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुजफ्फरनगर की राजनीति में पोस्टर वार शुरू हो गया है। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन के विरोध में दक्षिणी कृष्णापुरी मोहल्ले में एंट्री बैन के पोस्टर लगाए गए हैं। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला उपाध्यक्ष शौर्य भारद्वाज ने गठबंधन को 'ठगबंधन' बताते हुए बीजेपी की B-Team होने का आरोप लगाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 November 2026, 6:01 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियों के बीच गठबंधन की चर्चा और ऐलान के बाद अब राजनीतिक विरोध भी खुलकर सामने आने लगा है। मुजफ्फरनगर में इस गठबंधन के खिलाफ पोस्टर वार शुरू हो गया है। शहर के कृष्णापुरी मोहल्ले में ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के नेताओं और कार्यकर्ताओं की एंट्री पर बैन लगाने की बात लिखी गई है।

कृष्णापुरी मोहल्ले में लगे नो एंट्री के पोस्टर

मुजफ्फरनगर के दक्षिणी कृष्णापुरी मोहल्ले में लगाए गए इन पोस्टरों ने स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। पोस्टरों के जरिए आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मोहल्ले में प्रवेश नहीं देने का संदेश दिया गया है। पोस्टर में साफ तौर पर लिखा गया है कि दोनों पार्टियों के नेता, कार्यकर्ता और खुद उनके प्रमुख भी दक्षिणी कृष्णापुरी में प्रवेश नहीं कर सकते। इस पोस्टरबाजी को ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच हुए गठबंधन के विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।

मुजफ्फरनगर में व्यापारियों को निशाना बनाने वाला साइबर ठग गिरफ्तार, GSTIN चुराकर बनाता था फर्जी बिल

सपा नेता शौर्य भारद्वाज ने गठबंधन को बताया ठगबंधन

इन पोस्टरों को लेकर समाजवादी पार्टी की मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला उपाध्यक्ष शौर्य भारद्वाज ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच हुआ गठबंधन कोई राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि 'ठगबंधन' है। शौर्य भारद्वाज का आरोप है कि दोनों दल बीजेपी की B-Team के तौर पर काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस गठबंधन का मकसद समाजवादी पार्टी की पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वोटों को प्रभावित करना है।

सपा नेता ने लगवाए 'नो एंट्री' के पोस्टर (IMG: Dynamite News)

ओवैसी पर भी लगाए गंभीर आरोप

शौर्य भारद्वाज ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी मंच पर बैठकर फोन चलाते रहते हैं और उन्हें बीजेपी कार्यालय से संदेश आते हैं कि क्या बोलना है। सपा नेता ने इसी आरोप को आधार बनाते हुए कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन बीजेपी को फायदा पहुंचाने वाला है। हालांकि, उन्होंने अपने इन आरोपों के समर्थन में कोई प्रमाण पेश नहीं किया।

मुजफ्फरनगर में गोहत्या के आरोप में दो महिलाओं समेत 13 गिरफ्तार, 18 सदस्यों के गैंग पर गैंगस्टर एक्ट

पूरे मुजफ्फरनगर में पोस्टर लगाने का दावा

शौर्य भारद्वाज ने बताया कि वह दक्षिणी कृष्णापुरी मोहल्ले के निवासी हैं और इसी क्षेत्र से वार्ड सभासद का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्होंने अपने मोहल्ले में ही पोस्टर लगवाए हैं। उन्होंने आगे दावा किया कि पोस्टर लगाने की शुरुआत कृष्णापुरी से हुई है और आने वाले समय में पूरे मुजफ्फरनगर में ऐसे पोस्टर लगाए जाएंगे। उनके मुताबिक, यह अभियान ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन के विरोध में चलाया जाएगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  15 November 2026, 6:01 PM IST