हिंदी
छात्रों के समर्थन में किसानों का प्रदर्शन (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mainpuri: दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट और पुलिसिया कार्रवाई का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में मैनपुरी में भी आक्रोश देखने को मिला। गुरुवार को 'अहिल्याबाई होलकर किसान सेवा संगठन' के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए। संगठन ने दिल्ली में छात्रों के दमन का कड़ा विरोध करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी को सौंपा।
किसान नेताओं का आरोप है कि दिल्ली में अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया और कई छात्रों को हिरासत में ले लिया। लोकतंत्र में छात्रों की आवाज को इस तरह दबाना बेहद निंदनीय है। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की है कि हिरासत में लिए गए सभी छात्रों को बिना शर्त तुरंत रिहा किया जाए और निहत्थे छात्रों पर लाठी भांजने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
Mainpuri: अपने ही घर में मिली जान से मारने की धमकी, अगले ही दिन कोर्ट जाते वक्त हुआ जानलेवा हमला!
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने किसान नेताओं की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया कि उनके ज्ञापन को उचित माध्यम से शासन और महामहिम राष्ट्रपति तक समय से पहुंचा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए निष्पक्ष न्याय का भरोसा दिलाया।
Mainpuri: सड़क पर चलना हुआ दूभर, दवा लेने जा रहे दंपती पर झपटे बाइक सवार लुटेरे, जांच में जुटी पुलिस
कलेक्ट्रेट में मीडिया से बात करते हुए किसान नेता शत्रुघ्न पाल ने कहा कि छात्र इस देश का भविष्य हैं और उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, संगठन के वरिष्ठ नेता लख्मी चन्द्र बघेल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार ने छात्रों को जल्द रिहा नहीं किया और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की, तो यह आंदोलन देशव्यापी रूप ले लेगा और किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और स्थानीय किसान मौजूद रहे।
Location : Mainpuri
Published : 23 July 2026, 4:29 PM IST