लोकतंत्र में अपनी बात रखना सबका अधिकार…, सोनम वांगचुक को लेकर मैनपुरी में क्या बोले मंत्री जयवीर सिंह?

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री जयवीर सिंह मैनपुरी पहुंचे, जहां उन्होंने जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सोनम वांगचुक मामले, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के बयान और न्यूक्लियर प्लांट के डाटा लीक जैसे कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 July 2026, 4:04 PM IST
google-preferred

Mainpuri: उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री जयवीर सिंह शनिवार को मैनपुरी पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस लाइन रोड स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों के साथ बैठक कर लोगों की शिकायतों के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।

जनता दरबार के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को साफ कहा कि आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और समय सीमा के भीतर उनका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर सुविधाएं और त्वरित न्याय दिलाना है।

सोनम वांगचुक मामले पर मंत्री ने क्या कहा?

मैनपुरी दौरे के दौरान कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह से दिल्ली के जंतर-मंतर से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा हटाए जाने को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि जहां भी कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका होती है या शांति व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत होती है, वहां पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभाती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का काम है कि किसी भी स्थिति में व्यवस्था को बनाए रखा जाए।

लखनऊ में फिर बदला स्कूलों का समय, अब इस नई टाइमिंग पर खुलेंगे स्कूल; BSA ने जारी किया आदेश

मध्य प्रदेश सीएम के बयान पर दी सफाई

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के कथित बयान कि "जो एक शादी करेगा, उसे ही मध्य प्रदेश में रहने का अधिकार है" फिर भी जयवीर सिंह से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं सुना है और उन्हें नहीं लगता कि मुख्यमंत्री मोहन यादव इस तरह की बात कह सकते हैं। मंत्री ने कहा कि किसी भी बयान को संदर्भ के साथ समझना जरूरी होता है।

न्यूक्लियर प्लांट डाटा लीक पर सरकार की तैयारी

न्यूक्लियर प्लांट से जुड़े डाटा लीक के सवाल पर जयवीर सिंह ने साइबर सुरक्षा को लेकर सरकार की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध लगातार बढ़ती चुनौती है और इसे रोकने के लिए सरकार कई स्तरों पर मजबूत कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि साइबर घुसपैठ को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Mirzapur: विंध्याचल पुलिस के जाल में फंसे 4 बड़े तस्कर, ₹20 लाख की हेरोइन जब्त होने के बाद महकमे में क्यों मची खलबली?

विपक्ष के प्रदर्शन पर बोले

20 जुलाई को जंतर-मंतर से विपक्षी दलों द्वारा सांसदों तक जाने की बात पर भी मंत्री जयवीर सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां हर व्यक्ति व संगठन को अपनी बात रखने का अधिकार है। विपक्ष का काम अपनी बात रखना है, प्रशासन का काम कानून के अनुसार व्यवस्था संभालना है और सरकार का काम शासन को सुचारू रूप से चलाना है। मंत्री ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अलग-अलग गतिविधियां होती रहती हैं और व्यवस्था अपने तरीके से काम करती है।

Location :  Mainpuri

Published :  18 July 2026, 4:04 PM IST

Related News

Advertisement