
अभिजीत दिपके को युवक ने मारा थप्पड़ (Img: Google)
Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ मंच स्थल पर अप्रत्याशित घटना हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, जयपुर के शहीद स्मारक पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अभिजीत दीपके जैसे ही सभा स्थल पर पहुंचे, तभी एक युवक अचानक उनके करीब पहुंच गया और कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने अभिजीत दीपके का गमछा खींचते हुए उन्हें थप्पड़ मार दिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि कुछ पल के लिए वहां मौजूद लोग भी समझ नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है। इसके बाद युवक मौके से भागने की कोशिश करने लगा।
हालांकि, आसपास मौजूद कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
घटना के तुरंत बाद प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने थप्पड़ मारने वाले युवक की पिटाई भी कर दी। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है।
हंगामे के बीच कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत भी की। स्थिति को देखते हुए मंच से बार-बार लोगों को अपने मोबाइल और अन्य सामान सुरक्षित रखने की घोषणा की गई। इस घटनाक्रम के बाद कार्यक्रम का माहौल कुछ समय के लिए प्रभावित जरूर हुआ, लेकिन बाद में प्रदर्शन जारी रहा।
घटना के बाद अभिजीत दीपके ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून हाथ में नहीं लेना चाहिए और पूरे मामले को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाया जाना चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
Location : Jaipur
Published : 15 June 2026, 5:45 PM IST