
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेन्द्र सिंह के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता
New Delhi: कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेन्द्र सिंह के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता के बाद सीजेपी के डेलिगेशन सौरव दास और आशुतोष रांका ने काकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को तत्काल प्रभाव के साथ खत्म करने का ऐलान किया।
प्रेस वार्ता में जेपी नड्डा ने कहा कि सीजेपी द्वारा सरकार को दिये गये 5 प्वाइंट्स चार्टर पर गहन चिंतन होगा और इस पर हम सीजेपी से आगे भी बात करेंगे।
संयुक्त प्रेस वार्ता में CJP नेताओं ने कहा कि आंदोलन शुरू होने से पहले उनकी तीन प्रमुख मांगें थीं। उनके अनुसार, पहली मांग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की थी, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
ये भी पढ़ें- Gen Z को सलाम, लोकतंत्र की जीत…धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कौन नेता क्या बोला? पढ़ें दिलचस्प बयान
दूसरी मांग आंदोलन के दौरान छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की थी। प्रतिनिधियों का कहना है कि सरकार ने इस मांग पर भी सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि जिन राज्यों में भाजपा या उसके सहयोगी दलों की सरकार है, वहां छात्र आंदोलनकारियों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और भविष्य में भी अनावश्यक कार्रवाई नहीं होगी।
आशुतोष रांका ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों के लिए मुआवजे को लेकर भी सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि सरकार मंगलवार तक इस संबंध में लिखित आश्वासन देने की बात कह चुकी है। CJP नेताओं ने दावा किया कि उनकी प्रमुख मांगों को स्वीकार किए जाने के बाद आंदोलन जारी रखने का कोई कारण नहीं बचा, इसलिए संगठन ने धरना समाप्त करने का फैसला लिया।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रेस वार्ता में कहा कि आंदोलनकारियों की ओर से सरकार को एक लिखित चार्टर सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि सरकार इस चार्टर का गंभीरता से अध्ययन करेगी और शिक्षा सुधारों से जुड़े सुझावों पर आगे भी बातचीत जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि सरकार संवाद के जरिए समाधान निकालने के पक्ष में है और प्रतिनिधिमंडल के साथ आगे भी बैठकें होती रहेंगी। बैठक में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
जंतर-मंतर पर चल रहा यह आंदोलन पिछले कई दिनों से राष्ट्रीय चर्चा का विषय बना हुआ था। छात्र संगठन लगातार शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जवाबदेही और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन शुरुआती बैठकों में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया था। तीसरे दौर की वार्ता के बाद पहली बार दोनों पक्षों ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता की और आंदोलन समाप्त होने की घोषणा की।
Location : New Delhi
Published : 25 July 2026, 5:44 PM IST