
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन (Img: Dynamite News)
Lucknow: लखनऊ में बीजेपी की अहम संगठनात्मक बैठक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नेताओं को साफ और कड़ा संदेश दिया। पांच सितारा होटल ताज में हुई इस बैठक में उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनाव के समय बढ़ने वाली गुटबाजी पर खुलकर नाराजगी जताई। नितिन नवीन ने कहा कि उन्होंने कई चुनावों में यूपी में पार्टी का काम देखा है और यह अनुभव चिंताजनक रहा है कि चुनाव आते ही कुछ नेता एक-दूसरे को कमजोर करने में लग जाते हैं, जबकि असली लक्ष्य पार्टी को मजबूत करना होना चाहिए।
बैठक के दौरान नितिन नबीन ने स्पष्ट कहा कि पार्टी की विचारधारा सबसे ऊपर है और इसमें किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी ने जिसे भी उम्मीदवार बनाया है, उसे जिताने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में व्यक्तिगत मतभेदों को किनारे रखकर केवल ‘कमल’ के निशान को जिताने पर फोकस होना चाहिए।
बीजेपी अध्यक्ष का यह दौरा पूरी तरह 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी पर केंद्रित बताया जा रहा है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार बैठकें और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान एनडीए के सहयोगी दलों के साथ भी समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
बैठक में सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद भी शामिल हुए। यहां आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई, हालांकि सीटों के बंटवारे पर कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि फिलहाल यह शुरुआती बैठक है और सीट शेयरिंग जैसे मुद्दों पर बाद में चर्चा होगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का दिन भर का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहा। उन्होंने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर जाकर संगठनात्मक मुद्दों पर बातचीत करने का भी कार्यक्रम तय किया। इसके अलावा वे राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
लखनऊ के बसंत कुंज क्षेत्र में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने की असली ताकत बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत से आती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि हर बूथ को मजबूत करना ही 2027 चुनाव की जीत की कुंजी है।
अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन ने बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के घर भी पहुंचने का कार्यक्रम रखा। इसे पार्टी ने एक बड़ा संगठनात्मक संदेश बताया है कि बीजेपी में जमीनी कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में नितिन नबीन ने कहा कि बीजेपी और उसके सहयोगी दल मिलकर उत्तर प्रदेश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए की एकजुटता राज्य की राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी दल मिलकर यूपी को और मजबूत बनाने में लगातार योगदान दे रहे हैं और आगे भी यह सहयोग जारी रहेगा।
Location : Lucknow
Published : 5 July 2026, 5:33 PM IST
Topics : bjp Nitin Nabin up assembly elections UP News