BJP Bareilly Padyatra: बरेली में भाजपा की बड़ी पदयात्रा, नड्डा-मौर्य समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल; 25 हजार की तैयारी

बरेली में 3 नवंबर को भाजपा की पदयात्रा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शामिल होंगे। 19 जिलों के 65 विधानसभा क्षेत्रों से करीब 25 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 November 2026, 3:27 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में 3 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी की बड़ी पदयात्रा आयोजित होने जा रही है। पार्टी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत निकाली जाने वाली इस पदयात्रा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में करीब 25 हजार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी है।

भाजपा संगठन की ओर से इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ब्रज क्षेत्र के अलग-अलग जिलों से कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदयात्रा के जरिए पार्टी अपने अभियान का संदेश लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में है।

दोपहर 12 बजे बरेली पहुंचेंगे जेपी नड्डा

भाजपा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा 3 नवंबर को दोपहर 12 बजे ट्रेन से बरेली जंक्शन पहुंचेंगे। इसके बाद वह दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हवाई अड्डे से विमान के जरिए वापस लौटेंगे। इस बीच वह पार्टी की पदयात्रा में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश महामंत्री एवं ब्रज क्षेत्र प्रभारी राज्यसभा सदस्य गीता शाक्य की भी मौजूदगी प्रस्तावित है। पार्टी पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी हैं।

2.15 किलोमीटर की पदयात्रा, इन जगहों से गुजरेगी

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पदयात्रा की शुरुआत कुबेराम बांके बिहारी मंदिर से होगी। यहां से भाजपा कार्यकर्ता छत्रपति शिवाजी चौक पहुंचेंगे। चौक पर छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद यात्रा शहीद पंकज अरोड़ा चौक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।

करीब 2.15 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में ब्रज क्षेत्र के 19 जिलों के 65 विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने की तैयारी है। पार्टी के मुताबिक, करीब 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।

शाहजहांपुर की बैठक में बनी अभियान की रणनीति

पदयात्रा की तैयारियों को लेकर शाहजहांपुर में बरेली क्लस्टर की संगठनात्मक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में संगठन महामंत्री धर्मपाल ने संगठन की मजबूती, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी से अभियान को लेकर चर्चा की गई।

बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार ने अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं, बरेली के महापौर उमेश गौतम ने संगठनात्मक समन्वय पर जोर दिया।

फिरोजाबाद-एटा जाने को मजबूर होंगे लोग? अवागढ़ में पटाखों की परमिशन न मिलने पर धरने पर बैठे ग्रामीण

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा

बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ल, प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल, महापौर अर्चना वर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Bareilly

Published :  2 November 2026, 3:27 PM IST