Bareilly-Moradabad MLC Election Result: भाजपा के हरि सिंह ढिल्लों की लगातार दूसरी जीत

बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। चुनाव में भाजपा और सपा के बीच मुकाबला रहा। मतगणना के दौरान कुछ टेबलों पर एजेंटों ने आपत्ति भी जताई। मतदान 23 अक्टूबर को हुआ था, जिसमें 73.69 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 28 October 2026, 9:29 AM IST

Bareilly-Moradaba: बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर को 17,676 मतों के अंतर से हराया। भाजपा प्रत्याशी को कुल 21,672 वोट मिले, जबकि सपा उम्मीदवार के खाते में 3,996 वोट आए। मंगलवार देर रात मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया गया।

पहले चरण से आखिरी दौर तक कायम रही बढ़त

बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी सीट पर भाजपा और सपा समेत कुल 17 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था। मतगणना के पहले चरण से ही हरि सिंह ढिल्लों की बढ़त बनी रही, जो पांचवें और अंतिम चरण तक कायम रही। डॉ. सुनीत गिरी 2,145 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। संजय मिश्र को 981 और विमलेंद्र कुमार को 622 वोट मिले।

मतगणना में 3,183 मत निरस्त भी हुए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा प्रत्याशी की जीत चर्चा में रही।

विजयी प्रत्याशी हरी शिंह ढिल्लो (Img: X)

मतगणना के दौरान एजेंटों ने जताई आपत्ति

मतगणना के दूसरे दौर में सपा प्रत्याशी के एजेंटों ने वोटों की गिनती में गड़बड़ी का आरोप लगाया। टेबल नंबर सात पर बहस होने के बाद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मतपत्र दोबारा खोलकर दिखाए। इसके बाद स्थिति शांत हुई। टेबल नंबर पांच पर भी इसी तरह की बहस हुई, लेकिन कोई बड़ा हंगामा नहीं हुआ।

सुरक्षा के लिए मतगणना स्थल पर तीन चरणों का घेरा बनाया गया था। समर्थकों को परिसर से सौ मीटर पहले रोक दिया गया और प्रवेश से पहले जांच की गई।

Meerut MLC Elections: भाजपा का शानदार प्रदर्शन, शिक्षक और स्नातक दोनों सीटों पर फिर खिला कमल

73.69 फीसदी मतदाताओं ने किया मतदान

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को 105 बूथों पर मतदान हुआ था। दोनों मंडलों में 46 हजार से अधिक मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 35,149 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान का कुल प्रतिशत 73.69 रहा।

चुनाव की मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों की जीत की घोषणा की गई।

Location :  Bareilly-Moradabad

Published :  28 October 2026, 8:46 AM IST