
अनंत सिंह पर JDU का बड़ा एक्शन (Img: AI Generated)
Patna: बिहार की राजनीति में अनंत सिंह को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने विधायक अनंत सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उनकी प्राथमिक सदस्यता भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है। यह फैसला बिहार विधान परिषद चुनाव के ठीक एक दिन बाद 24 अक्टूबर को सामने आया।
JDU ने अनंत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि वह पटना स्नातक सीट से JDU उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ लगातार बयान दे रहे थे। चुनाव के दौरान भी उन्होंने नीरज कुमार को लेकर अपना विरोध खुलकर जाहिर किया था।
ये भी पढ़ें- बेटियों को ना समझें बोझ, सरकार दे रही 1-1 लाख की मदद! बलिया में सामूहिक विवाह में DM का बड़ा संदेश
जद(यू) के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा जी के आदेशानुसार, मोकामा के विधायक श्री अनंत कुमार सिंह के द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों, पार्टी के दिशा-निर्देशों की अवहेलना एवं अभी संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव में विरोधी दल के पक्ष में प्रचार करने तथा पार्टी के उम्मीदवार के विरुद्ध प्रचार करने के कारण जद(यू) की उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द की जाती है। साथ ही उचित प्रावधानों के तहत विधानसभा अध्यक्ष से इनकी विधान सभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश भी की गई है।
इसके साथ ही, पूर्व विधानसभा सदस्य श्रीमती नीलम देवी को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द करते हुए अगले 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
— Janata Dal (United) (@Jduonline) October 24, 2026
पार्टी के लिए यह मामला इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि चुनाव के दौरान अपने ही उम्मीदवार के खिलाफ बयान देना संगठन के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
मिली जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह ने नीरज कुमार के मुकाबले जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करने की बात कही थी। उनके इस रुख को पार्टी के भीतर अनुशासन से जुड़ा मामला माना गया। इसके बाद JDU ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह साल के निष्कासन का फैसला लिया।
अनंत सिंह बिहार की राजनीति में चर्चित चेहरा रहे हैं। ऐसे में JDU का यह फैसला राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
Location : Patna
Published : 24 October 2026, 6:17 PM IST