
घायलों से मिलने केजीएमयू पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Img: Dynamite News)
Lucknow: लखनऊ में हुए भीषण कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचे। यहां उन्होंने आग की घटना में घायल हुए छात्रों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। अखिलेश यादव ने डॉक्टरों से भी विस्तार से बातचीत की और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और घटना को बेहद दुखद बताया।
गौरतलब है कि अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी आग के बाद धुएं और दम घुटने से 15 अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य छात्र घायल हो गए थे। इस हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अस्पताल से बाहर निकलकर मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है, लेकिन इसके पीछे सिर्फ हादसा नहीं बल्कि व्यवस्था की बड़ी चूक भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार ने पूरी व्यवस्था को कमजोर कर दिया है और उसी का नतीजा है कि मासूम छात्रों की जान चली गई।
लखनऊ अग्निकांड: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने KGMU पहुंचकर घायलों का हाल जाना, इलाज की ली जानकारी#LucknowFire #AkhileshYadav #KGMU #UPNews #FireAccident @samajwadiparty @yadavakhilesh pic.twitter.com/NFeA4LUdTu
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 23, 2026
अखिलेश यादव ने पुराने घटनाक्रम को याद करते हुए कहा, “कुछ समय पहले झुग्गियों में जो आग लगी थी, वो लगी थी या लगाई गई थी?” उनके इस बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ में ऐसी घटनाएं पहली बार नहीं हो रही हैं और हर बार जिम्मेदारी तय नहीं हो पाती।
सपा प्रमुख ने फायर सेफ्टी और NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) जारी करने की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर नियमों की अनदेखी कर एनओसी दी जा रही है तो इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया, “NOC देने वाले लोग भ्रष्टाचार करके इसे जारी कर रहे हैं, इसकी जांच जरूरी है।”
लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं।
सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे।
ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 22, 2026
अखिलेश यादव ने इस हादसे के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी शोक व्यक्त किया था। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और परिजनों के प्रति संवेदना जताई थी। KGMU दौरे के दौरान उन्होंने दोहराया कि घायलों को हर संभव बेहतर इलाज मिलना चाहिए और प्रशासन को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की ईमानदार और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सिस्टम की खामियों को नहीं सुधारा गया तो ऐसे हादसे दोबारा भी हो सकते हैं।
Location : Lucknow
Published : 23 June 2026, 7:41 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav Lucknow Fire Lucknow News